मुजफ्फरपुर में सनसनी: बेटे को जहर देकर मारने वाली कलयुगी मां एसकेएमसीएच से पुलिस को चकमा देकर फरार
बायें आरोपी महिला, बीच में घटना के बाद आरोपित के घर पहुंची पुलिस
मुजफ्फरपुर के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसकेएमसीएच) से एक कैदी महिला की फरार होने की खबर सामने आई है. महिला पर अपने ढाई साल के बेटे को बिस्कुट में जहर देकर मारने का आरोप है.
महिला कैदी फरार : मुजफ्फरपुर जिले के श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) से बुधवार की अहले सुबह एक बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है. अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे को बिस्कुट में जहर देकर मारने के आरोप में गिरफ्तार महिला पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गई. महिला के फरार होते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
आपके शहर में
अस्पताल के एमसीएच वार्ड से हुई फरार
रामपुरहरि थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंगरांहा उत्तरी टोला निवासी अखिलेश राम की पत्नी को बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. महिला दो माह की गर्भवती थी, जिसके चलते जेल प्रशासन ने बेहतर चिकित्सीय देखभाल के लिए उसे एसकेएमसीएच के एमसीएच (मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य) वार्ड में भर्ती कराया था. वहां पुलिस बल की अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा था. बुधवार सुबह सुरक्षाकर्मियों की नजर हटते ही महिला मौका पाकर वहां से चुपके से निकल भागी.
घटना का पूरा घटनाक्रम
- घटना की तारीख : 20 अगस्त को टेंगरांहा उत्तरी टोला में मासूम की हत्या हुई थी.
- मृतक बच्चा : अखिलेश राम का ढाई वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार.
- हत्या का तरीका : मां पर आरोप है कि उसने बिस्कुट में घातक जहरीला पदार्थ मिलाकर मासूम बेटे को खिला दिया, जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
- कार्रवाई : रामपुरहरि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कैदी के वार्ड से भागने की सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी और रामपुरहरि थाने की पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस टीम अस्पताल परिसर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि उसके भागने की दिशा का पता चल सके. वहीं अभिरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही को लेकर वरीय अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर की बेटी रूपा का भारतीय सॉफ्टबॉल टीम में चयन, ताइपे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखाएगी जलव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए