पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा बेचती महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद
पुलिस के गिरफ्त में नशे के कारोबारी
मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध धंधेबाजों पर बड़ी कार्रवाई की है. एक महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में गांजा और अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं.
मादक पदार्थ बरामद: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध धंधेबाजों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है. अहियापुर पुलिस और डीआईयू की टीम ने मंगलवार को दो अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर एक महिला समेत दो धंधेबाजों को गिरफ्तार किया. इनके पास से 800 ग्राम गांजा और 100 ग्राम अन्य मादक पदार्थ (स्मैक) बरामद किया गया है.
आपके शहर में
घर में पुड़िया बनाकर गांजा बेचती थी महिला
पहली कार्रवाई कोल्हुआ इमली चौक इलाके में की गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला अपने घर से नशीले पदार्थों की खुदरा बिक्री करती है. अहियापुर थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम ने घर की घेराबंदी कर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कमरे से लगभग 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया. यह गांजा बिक्री के लिए 50 और 100 रुपये की सैकड़ों छोटी पुड़ियों में पैक करके रखा गया था. मौके से 45 वर्षीय अनीता देवी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया.
डिलीवरी देने पहुंचे तस्कर को दबोचा
दूसरी कार्रवाई अहियापुर के व्यस्त हरीशाह चौक के पास हुई. पुलिस को खबर मिली थी कि एक युवक मादक पदार्थ की खेप पहुंचाने आया है. पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध युवक को दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 100 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जो प्रथम दृष्टया स्मैक बताया जा रहा है. पकड़ा गया आरोपी विनोद कुमार डिलीवरी देने के फिराक में था.
कार्रवाई के मुख्य बिंदु
- कोल्हुआ इमली चौक : 800 ग्राम गांजे की सैकड़ों पुड़ियों संग अनीता देवी गिरफ्तार.
- हरीशाह चौक : 100 ग्राम मादक पदार्थ (संभावित स्मैक) के साथ विनोद कुमार धराया.
- नेटवर्क की पड़ताल : सप्लायर और डिलीवरी लेने वाले मुख्य तस्करों की खोज जारी.
थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें: एसकेएमसीएच में इंसानियत शर्मसार: 24 घंटे तक इमरजेंसी के बाहर तड़पती रही घायल बुजुर्ग महिला, सीढ़ी के नीचे मिला शव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए