समस्तीपुर: छात्र समस्याओं पर ABVP सख्त, 16 मांगों के साथ कॉलेज प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपते ABVP के कार्यकर्ता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) समस्तीपुर इकाई ने बलिराम भगत महाविद्यालय में छात्र समस्याओं के समाधान के लिए प्राचार्य को 16 सूत्री मांग पत्र सौंपा है. साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय की व्यवस्था में सुधार की मांग प्रमुख है. कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है.
Samastipur News.अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) समस्तीपुर इकाई ने शहर के बलिराम भगत महाविद्यालय में व्याप्त छात्र समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर प्राचार्य को 16 सूत्री मांग पत्र सौंपा. एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्रशासन से विद्यार्थियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं में सुधार की मांग की है.
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि छात्र हित से जुड़ी समस्याओं पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो परिषद उग्र और चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी.
मांग पत्र में कॉलेज परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, जर्जर शौचालयों की मरम्मत, प्रयोगशालाओं के बेहतर संचालन और पुस्तकालय की नियमित व्यवस्था को प्रमुखता से शामिल किया गया है.
पेयजल, शौचालय और लैब की व्यवस्था सुधारने की मांग
एबीवीपी ने मांग की है कि कॉलेज में कक्षाओं का नियमित और सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए. इसके अलावा छात्र-छात्राओं के वाहनों के लिए साइकिल और बाइक स्टैंड की व्यवस्था, परिसर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, सूचना एवं पूछताछ केंद्र स्थापित करने की मांग भी रखी गई.
वहीं छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग कॉमन हॉल बनाने और सभी शैक्षणिक विभागों में नोटिस बोर्ड लगाने की मांग की गई है, ताकि विद्यार्थियों को जरूरी सूचनाएं समय पर मिल सकें.
कॉलेज परिसर के सौंदर्यीकरण और जांच की भी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज परिसर स्थित तालाब और पार्क के सौंदर्यीकरण की मांग भी उठाई. इसके साथ ही महाविद्यालय की संपत्तियों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई.
एबीवीपी के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य निक्कू आर्या ने कहा कि बलिराम भगत महाविद्यालय जिले का प्रमुख शिक्षण संस्थान है, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है. छात्र-छात्राएं पेयजल, शौचालय और प्रयोगशाला जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान हैं.
छात्र हितों से समझौता नहीं करेगा ABVP
निक्कू आर्या ने कहा कि एबीवीपी छात्र हितों से कोई समझौता नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आवाज उठाई जाएगी. वहीं नगर सह मंत्री प्रिंस कुमार ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है. अगर कॉलेज प्रशासन जल्द ठोस कदम नहीं उठाता है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.
इस अवसर पर निक्कू आर्या, प्रिंस कुमार, अमन कुमार झा, प्रकाश कुमार सहित कई एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: पहले खेत में छिपाई लाश, फिर टुकड़े कर फेंका, मोरवा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










