समस्तीपुर होकर गांधीधाम जाएगी रेगुलर अमृत भारत, रूट में होगा बड़ा बदलाव
अमृत भारत एक्सप्रेस (AI जेनरेटेड इमेज)
भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन को अमृत भारत एक्सप्रेस में बदलने की तैयारी है. रूट वाराणसी से बदलकर गोरखपुर किया जाएगा. समस्तीपुर समेत उत्तर बिहार के कई जिलों के यात्रियों को गुजरात के लिए सीधी और बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है.
समस्तीपुर अमृत भारत एक्सप्रेस: भागलपुर से समस्तीपुर होते हुए गांधीधाम तक चल रही स्पेशल ट्रेन को जल्द ही रेगुलर अमृत भारत एक्सप्रेस में बदलने की तैयारी है. इसके बाद ट्रेन के रूट में भी बड़ा बदलाव होगा. वर्तमान में यह ट्रेन वाराणसी के रास्ते गांधीधाम तक जाती है, लेकिन अमृत भारत एक्सप्रेस बनने के बाद इसे गोरखपुर के रास्ते चलाने की योजना है. इससे बिहार के कई जिलों के यात्रियों को गुजरात के लिए बेहतर सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
गोरखपुर के रास्ते गांधीधाम तक अमृत भारत एक्सप्रेस चलने से 1600 से अधिक यात्रियों को एक साथ यात्रा की सुविधा मिल सकेगी. अभी गुजरात के लिए इस रूट से सीधी ट्रेन के विकल्प सीमित हैं. नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया और आसपास के यात्रियों को विशेष फायदा हो सकता है.
सोमवार सुबह भागलपुर से खुलती है ट्रेन
मौजूदा समय में यह ट्रेन रविवार को भागलपुर पहुंचती है और सोमवार की सुबह पांच बजे यहां से गांधीधाम के लिए रवाना होती है. भागलपुर से गांधीधाम तक करीब 51 घंटे का सफर तय करती है.
ट्रेन मुंगेर, बेगूसराय, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, चकिया, मोतिहारी, सगौली, बेतिया और नरकटियागंज होते हुए चलती है. इसका ठहराव अजगैवीनाथ धाम यानी सुल्तानगंज स्टेशन पर भी है. इस ट्रेन का संचालन वर्ष 2019 से किया जा रहा है.
गोरखपुर के रास्ते बदलेगा ट्रेन का रूट
अमृत भारत एक्सप्रेस बनने के बाद ट्रेन को वाराणसी के बजाय गोरखपुर के रास्ते चलाया जाएगा. इससे बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्से के यात्रियों को गुजरात तक पहुंचने के लिए एक बेहतर सीधा विकल्प मिलने की संभावना है.
हालांकि, नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन की तारीख और अंतिम टाइम टेबल का इंतजार किया जा रहा है. रेलवे की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद रूट, स्टॉपेज और समय को लेकर पूरी तस्वीर साफ होगी.
22 कोच के साथ मिलेगी आधुनिक सुविधा
बिना एसी वाली अमृत भारत एक्सप्रेस आम यात्रियों को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है. इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाने की योजना है और यह 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेगी.
यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके अलावा टॉक-बैक सिस्टम भी होगा, जिससे आपात स्थिति में यात्री सीधे लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर से संपर्क कर सकेंगे. ट्रेन में वैक्यूम बायो टॉयलेट, आरामदायक सीटों समेत कई आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.
यह भी पढ़ें:
केसरिया ध्वज, ढोल-ताशे और अस्त्र-शस्त्र... समस्तीपुर में शोभायात्रा ने खींचा सबका ध्यान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए