तीन दिनों तक शादियों की धूम, मैरिज हॉल से गाड़ियां तक हैं फुल बुक

Published by :Dipankar Shriwastaw
Published at :26 Apr 2026 5:50 PM (IST)
विज्ञापन
तीन दिनों तक शादियों की धूम, मैरिज हॉल से गाड़ियां तक हैं फुल बुक

जिले में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को पड़ रहे शुभ लग्न के कारण शादी-विवाह का दौर चरम पर पहुंच गया है.

विज्ञापन

27, 28 व 29 अप्रैल के शुभ लग्न में जिला में उत्सव जैसा माहौल, बाजार में बढ़ी रौनक

सिमरी बख्तियारपुर. जिले में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को पड़ रहे शुभ लग्न के कारण शादी-विवाह का दौर चरम पर पहुंच गया है. 27, 28 और 29 अप्रैल को इस वर्ष के सबसे मजबूत और शुभ लग्न में शामिल माना जा रहा है, जिसके कारण पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल बन गया है. हर तरफ शहनाई की गूंज सुनाई दे रही है और शादी की रौनक चरम पर है.

मंदिरों में भी विवाह को लेकर बुकिंग फुल

स्थिति यह है कि जिले के छोटे-बड़े सभी होटल, मैरिज हॉल और गेस्ट हाउस पूरी तरह से बुक हो चुके हैं. इतना ही नहीं, मंदिरों में भी विवाह को लेकर बुकिंग फुल है. ऐसा कोई स्थान नहीं बचा है जहां शादी-विवाह का आयोजन नहीं हो रहा हो. डेकोरेशन से जुड़े लोग बीते कई दिनों से लगातार तैयारियों में जुटे हैं.

महंगाई के बीच भी बाजार गुलजार

शादी के इस सीजन में बाजारों में जबरदस्त रौनक देखी जा रही है. हालांकि पिछले साल के मुकाबले इस बार खर्च बढ़ा है, लेकिन इसके बावजूद खरीदारी में कोई कमी नहीं दिख रही है. शादी कार्ड, बर्तन, कपड़े और गहनों की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है. शगुन के तौर पर स्टील और पीतल के बर्तनों की मांग बढ़ गयी है. वहीं सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर पिछले तीन-चार दिनों से लगातार भीड़ बनी हुई है.

लेटेस्ट फैशन में दूल्हा-दुल्हन तैयार

इस बार शादी में दूल्हा-दुल्हन के लिए लेटेस्ट फैशन के परिधान बाजार में उतारे गये हैं. दूल्हों के लिए चांदी और गोल्डन रंग की शेरवानी खास पसंद की जा रही है, वहीं दुल्हनों के लिए पीला, सुनहरा, रानी, हरा और लाल रंग के लहंगे ट्रेंड में हैं. गारमेंट्स कारोबारियों के अनुसार लहंगा-साड़ी की कीमत तीन हजार से लेकर 20 हजार रुपये तक है. सिंथेटिक वर्क साड़ी और मिक्स कलर लहंगे की भी अच्छी मांग है. दूल्हा-दुल्हन के साथ ही उनके परिजनों में भी आकर्षक दिखने की होड़ देखी जा रही है.

गाड़ियों की बढ़ी डिमांड, किराया भी बढ़ा

शादी के सीजन में चारपहिया वाहनों की मांग भी काफी बढ़ गयी है. स्कॉर्पियो और बोलेरो जैसी गाड़ियों की बुकिंग पहले से ही फुल है. आम दिनों में 1300-1400 रुपये में मिलने वाली गाड़ियां अब 2000 से 2500 रुपये तक में बुक हो रही हैं, जिसमें ईंधन का खर्च अलग से लिया जा रहा है. इधर व्यवसायियों में इस सीजन को लेकर खासा उत्साह है. उनका कहना है कि तीन दिनों तक लगातार शादियों के कारण अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है. कुल मिलाकर जिले में इन तीन दिनों तक शादी-विवाह को लेकर खुशियों का माहौल बना रहेगा और हर ओर शहनाई की गूंज सुनाई देगी.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन