युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले जायेंगे जेल

Published by :Dipankar Shriwastaw
Published at :25 Apr 2026 6:25 PM (IST)
विज्ञापन
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले जायेंगे जेल

अनुमंडल क्षेत्र में तेजी से फैल रहे सूखा नशा के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है.

विज्ञापन

सूखा नशा के खिलाफ प्रशासन की निर्णायक कार्रवाई, औचक छापेमारी से मचा हड़कंप

सिमरी बख्तियारपुर. अनुमंडल क्षेत्र में तेजी से फैल रहे सूखा नशा के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर औषधि विभाग और बख्तियारपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अनुमंडल के विभिन्न बाजारों में औचक छापेमारी अभियान चलाया. इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबारियों और नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया. अभियान का नेतृत्व औषधि निरीक्षक पंकज रंजन भारती कर रहे थे. उनके साथ बख्तियारपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, दारोगा अमरजीत सिंह, अंजली कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद थे. टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सघन जांच की और कई दुकानों की बारीकी से पड़ताल की.

मेडिकल स्टोर व किराना दुकानों तक की ली गयी तलाशी

औषधि निरीक्षक पंकज रंजन भारती के नेतृत्व में चलाए गये इस अभियान के दौरान केसीएमडी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बाजारों में सघन जांच की गयी. प्रशासन की टीम ने न केवल मेडिकल दुकानों के स्टॉक और प्रिस्क्रिप्शन रजिस्टर की जांच की, बल्कि उन चाय, पान और किराना दुकानों को भी खंगाला, जहां से नशीले पदार्थों की आपूर्ति की गुप्त सूचनाएं मिल रही थी. टीम ने संदिग्ध पदार्थों के नमूने लेने के साथ-साथ दुकानदारों के अभिलेखों का भी सत्यापन किया.

सूखा नशा बना समाज के लिए गंभीर अभिशाप

छापेमारी के दौरान औषधि निरीक्षक पंकज रंजन भारती ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिला प्रशासन नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सूखा नशा समाज के लिए गंभीर अभिशाप बन चुका है, जो युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है. जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी सूरत में अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन