नौ दिनों से लापता इंटर छात्र का शव पोखर से बरामद, इलाके में सनसनी

Published by :Dipankar Shriwastaw
Published at :07 May 2026 8:18 PM (IST)
विज्ञापन
नौ दिनों से लापता इंटर छात्र का शव पोखर से बरामद, इलाके में सनसनी

नौ दिनों से लापता इंटर छात्र का शव पोखर से बरामद, इलाके में सनसनी

विज्ञापन

पुलिस मामले की छानबीन में जुटी सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) . बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सीटानाबाद दक्षिणी पंचायत के वार्ड संख्या 9 में गुरुवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नौ दिनों से लापता एक युवक का शव पोखर से बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पहचान सीटानाबाद दक्षिणी गांव निवासी बिनय चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र रविशंकर कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविशंकर इंटर का छात्र था तथा दो भाइयों में सबसे बड़ा था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविशंकर 29 अप्रैल को अचानक घर से लापता हो गया था. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. इसके बाद स्वजनों ने बख्तियारपुर थाना में आवेदन देकर युवक के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी. इधर, गुरुवार की शाम घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित मिर्जा टोला पोखर में स्थानीय लोगों ने एक शव को पानी में तैरता देखा. शव दिखाई देते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. बाद में शव की पहचान रविशंकर कुमार के रूप में की गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना स्वजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद बख्तियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. कुछ ही देर में मुकेश कुमार ठाकुर, सर्किल इंस्पेक्टर मो. शूजाउद्दीन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इस संबंध में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सीटानाबाद दक्षिणी निवासी एक युवक का शव पोखर से बरामद किया गया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. इधर, युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन