ePaper

स्कूल से लौट रहे सातवीं के छात्र को अपराधियों ने मारी गोली, हालत नाजुक

Updated at : 18 Feb 2026 6:59 PM (IST)
विज्ञापन
स्कूल से लौट रहे सातवीं के छात्र को अपराधियों ने मारी गोली, हालत नाजुक

सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा वार्ड चार में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी.

विज्ञापन

गर्दन के पास लगी है गोली, स्थिति चिंताजनक

सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा वार्ड चार में हुई घटना

सहरसा. सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा वार्ड चार में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. बेखौफ अपराधियों ने विद्यालय से पढ़कर घर लौट रहे सातवीं कक्षा के एक छात्र को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. घायल छात्र की पहचान अंकित आनंद के रूप में हुई है, जो सिमराहा चौक स्थित ज्ञान निकेतन स्कूल में कक्षा सात का छात्र है. जख्मी छात्र का इलाज नया बाजार स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है. घायल छात्र के पिता अधिवक्ता अनुज कुमार निराला ने बताया कि पुत्र अंकित आनंद बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे साइकिल से स्कूल से घर लौट रहा था. उसी दौरान उसका बड़ा भाई कुछ आगे निकल गया था. जैसे ही अंकित सिमराहा चौक वार्ड चार के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार तीन युवक अचानक उसके पास पहुंचे और उसे रोक लिया. इससे पहले कि अंकित कुछ समझ पाता, अपराधियों ने बेहद नजदीक से उसकी गर्दन के पास गोली चला दी. गोली लगते ही छात्र सड़क पर गिर पड़ा और अपराधी पूर्व दिशा की ओर तेजी से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे नया बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में ले गये. जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.

अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस

डॉक्टर ने बताया कि गोली गर्दन के पास लगी है, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. गोली चलने की सूचना पर सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार तत्काल अस्पताल पहुंचे और घायल छात्र के परिजनों से पूछताछ की. पुलिस घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. साथ ही लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला जा रहा है. घटनास्थल पर छात्र का स्कूल बैग व साइकिल गिरा हुआ था. सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है, जबकि एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंच कर जांच में जुट गयी है. सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कारणों का पता नहीं चला है. बहुत जल्द अपराधियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जायेगी. दिनदहाड़े छात्र पर गोली चलने की इस घटना से सिमराहा सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि यदि स्कूल से लौटते समय बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होता है.

विज्ञापन
Dipankar Shriwastaw

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन