मुरादाबाद सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों के घर पहुंचे सांसद दिनेश चंद्र यादव, परिजनों को हरसंभव मदद का दिया भरोसा

सहरसा - परिजनों से मिलते सांसद व अन्य
Saharsa News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सहरसा जिले के दो युवकों की जान चली गई. मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने पतरघट पहुंचकर पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया.
पतरघट (सहरसा) से राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट
Saharsa News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सहरसा जिले के पतरघट निवासी दो युवकों की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. हादसे में जान गंवाने वाले दोनों छात्र कृषि विभाग की पढ़ाई कर रहे थे और अपने भविष्य को संवारने के लिए घर से दूर रह रहे थे. घटना की सूचना मिलने के बाद मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव बुधवार शाम पीड़ित परिवारों से मिलने पतरघट पहुंचे. उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया.
मुरादाबाद हादसे में गई दो होनहार छात्रों की जान
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में हुए सड़क हादसे में पतरघट मुख्य बाजार निवासी एवं जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार साह के इकलौते पुत्र 22 वर्षीय ओम कुमार उर्फ छोटू और उनके भतीजे 24 वर्षीय प्रिंस कुमार की मौत हो गई थी.
दोनों युवक मुरादाबाद में रहकर कृषि विभाग की पढ़ाई कर रहे थे. परिवार और गांव के लोगों को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक सड़क हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और गम का माहौल है.
सांसद दिनेश चंद्र यादव ने परिजनों को बंधाया ढांढस
दुखद घटना की जानकारी मिलने पर मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पतरघट पहुंचे. उन्होंने दोनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और शोकाकुल परिजनों के साथ काफी समय बिताया.
सांसद ने कहा कि कम उम्र में दो होनहार युवकों का असमय निधन केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे और उनकी पूरी पार्टी परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
सरकारी सहायता दिलाने का दिया आश्वासन
सांसद ने परिजनों को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर जो भी संभव सहायता होगी, उसे उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी.
Saharsa News: जम्हरा गांव पहुंचकर भी जताई शोक संवेदना
पतरघट से लौटने के बाद सांसद दिनेश चंद्र यादव जम्हरा गांव भी पहुंचे. यहां उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी सचेंद्र नारायण सिंह एवं अरुण कुमार सिंह की माता बुच्ची देवी के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की.
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के सदस्यों को इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की.
इस दौरान जिला परिषद सदस्य डॉ. मिथिलेश राणा उर्फ मुन्ना यादव, जदयू नेता सियाराम यादव, पूर्व मुखिया चंद्रिका प्रसाद साह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










