सहरसा रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर: बदला घाट-धमारा घाट रेल पुल पर ब्लॉक; 12 से 27 सितंबर तक प्रभावित रहेंगी कई ट्रेनें
बदला घाट-धमारा घाट के बीच स्थित रेल पुल.
सहरसा के बदला घाट और धमारा घाट स्टेशनों के बीच रेल पुल का तकनीकी उन्नयन किया जाएगा। इसके कारण सितंबर में सात दिनों तक चार घंटे का ट्रैफिक और पावर ब्लॉक रहेगा, जिससे कुछ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो सकता है।
सहरसा. यात्री संरक्षा, रेल अधोसंरचना को मजबूत करने और ट्रेन परिचालन को गति देने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल के बदला घाट एवं धमारा घाट स्टेशनों के बीच स्थित महत्वपूर्ण रेल पुल का तकनीकी उन्नयन किया जायेगा. इसके तहत पुल पर कंपोजिट स्टील गर्डर की स्थापना, शटरिंग प्लेट्स की फिक्सिंग और आरसीसी डेक स्लैब की कास्टिंग का कार्य किया जाना है. कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा करने के लिए रेलवे की ओर से सितंबर में सात दिनों पर प्रतिदिन चार घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जायेगा.
12 से 27 सितंबर के बीच सात दिन रहेगा चार घंटे का ब्लॉक
रेलवे के अनुसार 12, 13, 15, 17, 20, 26 और 27 सितंबर को प्रतिदिन चार घंटे का ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जायेगा. ब्लॉक के दौरान रेल परिचालन प्रभावित हो सकता है. इसके चलते कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन, शॉर्ट टर्मिनेशन या पुनर्निर्धारण किया जा सकता है. रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों से अपील की गयी है कि इन तिथियों पर यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें.
कंपोजिट स्टील गर्डर से मजबूत होगा रेल पुल
तकनीकी उन्नयन के बाद कंपोजिट स्टील गर्डर और कंक्रीट डेक स्लैब के संयोजन से रेल पुल की संरचनात्मक मजबूती बढ़ने की उम्मीद है. इससे पुल की भारी रेल परिचालन का भार वहन करने की क्षमता बेहतर होगी.
आरसीसी डेक स्लैब से ट्रेन के परिचालन के दौरान कंपन कम करने और ट्रैक की स्थिरता बेहतर करने में भी मदद मिलने की संभावना है. आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पुल के रखरखाव और मौसमी क्षरण से होने वाली समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी.
गति प्रतिबंध हटने से ट्रेनों को मिल सकती है रफ्तार
रेल पुल के तकनीकी उन्नयन से वर्तमान गति प्रतिबंधों को समाप्त करने में मदद मिलने की उम्मीद है. इससे मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को निर्धारित गति से पुल पार कराने में सुविधा हो सकती है. ट्रेनों की गति बढ़ने से ब्लॉक सेक्शन कम समय में खाली होगा, जिससे रेल परिचालन की क्षमता में सुधार की संभावना है. पुल की क्षमता बढ़ने से अधिक एक्सल लोड वाले वैगनों और भारी मालगाड़ियों के परिचालन में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
कृषि उपज और माल ढुलाई को भी मिलेगा लाभ
रेल पुल के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में कृषि उपज, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की रेल के माध्यम से आवाजाही को गति मिलने की संभावना है. मजबूत रेल अधोसंरचना से यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों के सुरक्षित परिचालन में भी सुविधा हो सकती है.
यात्रियों से 139 और एनटीईएस से जानकारी लेने की अपील
रेलवे प्रशासन ने ब्लॉक के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया है. यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस ऐप के माध्यम से ट्रेनों की स्थिति और परिचालन संबंधी जानकारी लेने की अपील की गयी है. रेल प्रशासन ने कहा है कि यात्री संरक्षा और बेहतर रेल सुविधा के लिए किये जा रहे इस कार्य में यात्रियों से सहयोग की अपेक्षा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए