सासाराम में पत्रकार की गोली मारकर हत्या, पत्थर माफिया ने दी थी धमकी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 12 Nov 2016 10:01 AM

विज्ञापन

सासाराम : बिहार के रोहतास जिले में एक हिंदी दैनिक के पत्रकार धर्मेंद्रसिंह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक घटना उस वक्त हुई जब धर्मेंद्र सिंह सुबह अपने घर के पास एक चाय दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे. स्थानीय लोगों की माने तो उसी वक्त बाइक पर सवार […]

विज्ञापन

सासाराम : बिहार के रोहतास जिले में एक हिंदी दैनिक के पत्रकार धर्मेंद्रसिंह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक घटना उस वक्त हुई जब धर्मेंद्र सिंह सुबह अपने घर के पास एक चाय दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे. स्थानीय लोगों की माने तो उसी वक्त बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उनके सीने में गोली मार दी. घटना के बाद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिये धर्मेंद्र सिंह को वाराणसी रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि वाराणसी पहुंचने से पहले ही धर्मेंद्र सिंह की मौत हो गयी. घटना के बाद जहां इलाके में दहशत हैं वहीं स्थानीय पत्रकारों में काफी आक्रोश है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है.

विरोध में सड़क पर उतरे लोग

जानकारी के मुताबिक अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद धर्मेंद्र वहीं गिर गये और उनकी छाती से खून निकलने लगा. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गये. तब तक खून काफी बह चुका था. गोली धर्मेंद्र की छाती से बिल्कुल सटा कर मारी गयी है. स्थानीय चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक चिकित्सा के बाद तुरंत उन्हें इलाज के लिये वाराणसी रेफर किया गया. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक धर्मेंद्र पत्थर खनन माफियाओं के निशाने पर थे. धर्मेंद्र की हत्या के बाद आक्रोशित लोग गुस्से में सड़क पर उतर आये हैं. लोग अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. वहीं पूरे जिले में स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की है.

पत्थर माफिया से मिली थी धमकी

स्थानीय पत्रकारों के मुताबिक धर्मेंद्र के पत्रकारिता का कैरियर बहुत ज्यादा दिनों का नहीं है. धर्मेंद्र का जहां घर है, वहां शुरू से पत्थर माफियाओं का वर्चस्व रहा है. धर्मेंद्र बहुत हिम्मत के साथ लगातार पत्थर माफियाओं के खिलाफ लिख रहा था. उसकी कई रिपोर्ट जिले में चर्चा का विषय बनी और प्रशासन ने उसी आधार पर पत्थर माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की. धर्मेंद्र ने हाल के दिनों में लगातार पत्थर माफियाओं पर अपनी खोजी रिपोर्ट लिखी थी. बताया जा रहा है कि इस बात से पत्थर माफिया काफी नाराज थे. हत्या के बाद लोगों को अंदेशा है कि पत्थर माफियाओं ने ही धर्मेंद्र की हत्या करायी है. धर्मेंद्र को पत्थर माफिया से धमकी भी मिली थी.

पासवान ने की आलोचना

पत्रकार की हत्या के बाद लोजपा नेता और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने कहा है कि बिहार में जंगलराज से भी बदतर स्थिति है. पासवान ने कहा कि बिहार में एक तरफ लोग मारे जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निश्चय यात्रा कर रहे हैं.

पत्रकार राजदेव की भी ऐसे ही हुई थी हत्या

गौरतलब हो कि कुछ महीने पहले सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या कर दी गयी थी. हत्या में पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का हाथ होने की आशंका जतायी गयी थी. राजदेव हत्याकांड की जांच सीबीआइ कर रही है. राजदेव की हत्या के बाद सासाराम में पत्रकार धर्मेंद्र की हत्या ने कानून-व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये हैं. धर्मेंद्र सिंह की हत्या पर शोक जताते हुए जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ बिहार के नेशनल काउंसिल के मेंबर और वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद दत्त ने कहा कि बिहार में पत्रकारों की सुरक्षा भगवान भरोसे है. पिछले कुछ दिनों से लगातार पत्रकारों पर हमले और उनकी हत्या हो रही है. उन्होंने कहा कि सरकार को इस पर तुरंत एक्शन लेकर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए. जो घटनाएं पत्रकारों के साथ हो रही हैं वह चिंताजनक है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन