ePaper

पटना में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का रोड शो, भाजपा कार्यकर्ताओं से पटी राजधानी की सड़कें

Updated at : 30 Jul 2022 1:20 PM (IST)
विज्ञापन
पटना में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का रोड शो, भाजपा कार्यकर्ताओं से पटी राजधानी की सड़कें

पटना में शनिवार से दो दिनों तक चलने वाले बीजेपी संयुक्त मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंच गए हैं. पटना पहुंचने के बाद जेपी नड्डा रोड शो कर रहे हैं. इस रोड शो में जेपी नड्डा के साथ बीजेपी के तमाम बड़े नेता मौजूद हैं.

विज्ञापन

पटना. पटना में शनिवार से दो दिनों तक चलने वाले बीजेपी संयुक्त मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पटना पहुंच गए हैं. पटना पहुंचने के बाद जेपी नड्डा रोड शो कर रहे हैं. इस रोड शो में जेपी नड्डा के साथ बीजेपी के तमाम बड़े नेता मौजूद हैं. रोड शो में हजारों की संख्या में बीजेपी के कार्यकर्ता शामिल हैं. जेपी नड्डा का यह रोड शो जेपी गोलंबर पर जाकर समाप्त हो जाएगा. जेपी नड्डा के रोड शो के लिए पटना को दुल्हन की तरह सजाया गया है.

खास प्रकार के रथ पर हैं सवार

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के पटना पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. पटना एयरपोर्ट से जेपी नड्डा हाई कोर्ट स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के प्रतिमा स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो की. उनके लिए खास प्रकार का रथ तैयार किया गया है. रोड शो में युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों के साथ हैं. पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि आज हमारे और पटनावासियों के लिए ऐतिहासिक दिन है. विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज पटना में हैं. कार्यकर्ताओं के साथ-साथ यहां के लोगों में भी काफी उत्साह है.

जगह-जगह हो रहा पार्टी अध्यक्ष का अभिनंदन

रोड शो में जेपी नड्डा के साथ बिहार के दोनों डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, बिहार प्रदेश के अध्यक्ष संजय जायसवाल, पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद, एमएलसी संजय मयूख समेत अन्य नेता मौजूद है. जेपी नड्डा का यह रोड शो जेपी गोलंबर पर जाकर समाप्त हो जाएगा। इसके बाद वो ‘ग्राम संसद’ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे फिर अपराह्न् 3.30 बजे वे ज्ञान भवन में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. उसके बाद वे संयुक्त मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का उद्घाटन करेंगे. वो सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद की पुस्तक का भी विमोचन करेंगे. इस दौरान भाजपा अध्यक्ष पटना कॉलेज भी जायेंगे, जहां उनका बचपन गुजरा है.

पहली बार सात मोर्चे की संयुक्त बैठक

देश में पहली बार सात मोर्चे की संयुक्त बैठक आयोजित की गई है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक के लिए राजधानी पटना को चुना है. मोर्चे की कार्यसमिति की शुरुआत 30 जुलाई को होगी और 31 जुलाई को समाप्त होगी. 30 जुलाई और 31 जुलाई को तमाम मोर्चे के पदाधिकारियों को 200 विधानसभाओं में भेजे जाएंगे. जहां वह 11 प्रकार के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. मिसाल के तौर पर विधानसभाओं में पदाधिकारी लाभार्थियों से मिलेंगे. कार्यकर्ताओं से मिलने के अलावा मठ मंदिर के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और जो पहली बार वोटर होने जा रहे हैं, उनसे भी मिलने की योजना है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन