मधुबनी में कोविड डेथ समेत तमाम प्रकार के फर्जी प्रमाणपत्र बनानेवाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 26 Apr 2022 6:47 PM
नगर थाना क्षेत्र के बाटा चौक पर फर्जी प्रमाणपत्र, आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस को सफलता मिली है. दुकान से भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के फर्जी प्रमाणपत्र सहित कई कागजात को पुलिस ने बरामद किया है. दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
मधुबनी. नगर थाना क्षेत्र के बाटा चौक पर फर्जी प्रमाणपत्र, आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस को सफलता मिली है. दुकान से भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के फर्जी प्रमाणपत्र सहित कई कागजात को पुलिस ने बरामद किया है. दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
जानकारी के अनुसार बाटा चौक के समीप फलक मोबाइल दुकान में गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को सदर एसडीओ अश्विनी कुमार, नगर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गयी. दर्जनों फर्जी प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी सहित अन्य फर्जी प्रमाणपत्र बरामद किया. इस मामले में मोबाइल दुकान से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है.
हिरासत में लिए गए दो लोगों में अजहर हुसैन (24) पिहवारा साहरघाट एवं असगर अली (22) चंद्रसेनपुर, हुसैनपुर रहिका निवासी बताया जा रहा है. तत्काल फर्जी प्रमाणपत्र बरामदगी को लेकर सदर एसडीओ अश्विनी कुमार ने दुकान को सील करने का आदेश दिया. रहिका अंचल के अंचलाधिकारी रामप्रवेश प्रसाद ने पुलिस की मौजूदगी में दुकान को सील कर दिया.
छापेमारी में दुकान से बरामद फर्जी प्रमाणपत्र देखने के बाद प्रशासन हैरत में है. दुकान से कोरोना का मृत्यु प्रमाणपत्र तक मिला है. ऐसे में फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर कोरोना से मृत व्यक्ति को सरकारी लाभ दिये जाने से इनकार नहीं किया जा सकता. पुलिस अब हर पहलू पर जांच करेगी. सदर एसडीओ ने बताया कि फलक मोबाइल में फर्जी आधार कार्ड ,पैन कार्ड, वोटर आइडी, कोविड डेथ सर्टिफिकेट, मिथिला विश्वविद्यालय के फर्जी प्रमाणपत्र सहित कई अन्य फर्जी प्रमाणपत्र बरामद किए गए हैं. नकली सॉफ्टवेयर पर सारे प्रमाणपत्रों का निर्माण कराया जा रहा था.
इस मामले को स्टेट लेवल पर साइबर सेल से जांच की अनुशंसा की जाएगी. पुलिस मामले की जांच करेगी, तो मामले में और अधिक खुलासा होने की संभावना है. पुलिस ने दुकान से दो प्रिंटर, दो लैपटॉप,की-बोर्ड सहित दर्जनों फर्जी वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य फर्जी प्रमाण पत्र बरामद किया है.
मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. इस मौके पर सदर एसडीओ अश्विनी कुमार, सीओ रहिका रामप्रवेश प्रसाद, नगर थानाध्यक्ष अमित कुमार सहित नगर थाना के महिला एवं पुलिस सशस्त्र बल मौजूद थे. बता दें कि एक दिन पहले ही फर्जी आधार कार्ड पर कई लोगों को मोबाइल सिम बेचे जाने के आरोप में भी कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है.
स्थानीय लोगों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया है कि बाटा चौक के समीप यह दुकान कई सालों से संचालित है. लोगों को यह नहीं पता था कि इसमें फर्जी कागजात बनाये जाते हैं. लोगों को लगता था कि मोबाइल दुकान है. अन्य दुकान की तरह ही यहां पर कारोबार हो रहा है. मंगलवार को सुबह यहां पर छापेमारी की गयी, तो लोग हैरत में रह गये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










