अमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 179 लीटर विदेशी बीयर और 5 लीटर देसी शराब बरामद; कार चालक गिरफ्तार

जब्त शराब
पूर्णिया जिले के अमौर थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया. इस दौरान पलसा चौक पर कार से 179 लीटर विदेशी बीयर और सहानगांव बस्ती के पास लावारिस बाइक से 5 लीटर देसी शराब बरामद की गई. एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
Purnea Excise Action: पूर्णिया जिले के अमौर थाना पुलिस ने शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में विदेशी एवं देसी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया.
पलसा चौक पर कार से मिली 179 लीटर विदेशी बीयर
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई रविवार शाम पुअनि कुमकुम कुमारी के नेतृत्व में पलसा चौक पर वाहन जांच के दौरान की गई. इसी दौरान बायसी की ओर से आ रही गोल्डन रंग की मारुति सुजुकी एसएक्स-4 कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर पलसा पुल के पास वाहन को पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 500-500 एमएल की कुल 358 बोतल विदेशी बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 179 लीटर है.
कार चालक गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज
गिरफ्तार चालक की पहचान पूर्णिया सिटी वार्ड संख्या-34 निवासी 21 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने शराब तस्करी की बात स्वीकार की. पुलिस ने शराब और कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में अमौर थाना कांड संख्या 319/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
लावारिस बाइक से मिली देसी चुलाई शराब
दूसरी कार्रवाई रविवार दोपहर सहानगांव बस्ती के समीप की गई. सअनि उदय कुमार शर्मा के नेतृत्व में वाहन जांच के दौरान एक ग्लैमर मोटरसाइकिल चालक पुलिस को देखकर वाहन मोड़कर भागने लगा. पीछा किए जाने पर वह बाइक छोड़कर फरार हो गया.
5 लीटर शराब बरामद, आरोपी की तलाश जारी
Purnea Excise Action: लावारिस बाइक पर लटके प्लास्टिक के झोले और पीले रंग के गैलन की तलाशी लेने पर 5 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद हुई. पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. फरार चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध अमौर थाना कांड संख्या 318/26 दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










