अमौर रेफरल अस्पताल में बेड पर लेटकर मरीज देखने का वीडियो वायरल, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

फोटो - कमरे में लेट कर दवाई लिखते डॉ | Prabhat Khabar Network
पूर्णिया के अमौर रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं. वायरल वीडियो में एक डॉक्टर को अस्पताल के बेड पर लेटे हुए मरीज को दवा लिखते देखा जा रहा है. इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं.
पूर्णिया जिले के अमौर रेफरल अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. चंद्रजीत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर ओपीडी या ड्यूटी रूम के बजाय रेस्ट रूम में बेड पर लेटे हुए मरीज को दवा लिखते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
वायरल वीडियो में बेड पर लेटे दिखे चिकित्सक
वायरल वीडियो में चिकित्सक तकिया लगाकर बेड पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं. उनके सामने एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर कुर्सी पर बैठी है, जबकि डॉक्टर पर्चे पर दवा लिख रहे हैं. कमरे में अन्य मरीज और उनके परिजन भी अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं.
मरीजों और स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों का ओपीडी कक्ष में उपलब्ध नहीं रहना मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनता है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दूर-दराज से आने वाले मरीजों, खासकर महिलाओं को इलाज के लिए डॉक्टरों के कमरे तक जाना पड़ता है, जिससे असुविधा होती है.
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा- होगी जांच
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एहतमामुल हक ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है. मामले की जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
चिकित्सक ने दी सफाई
विवाद के बीच चिकित्सक डॉ. चंद्रजीत कुमार ने कहा कि जिस कमरे का वीडियो वायरल हुआ है, वह अस्पताल का ही विश्राम कक्ष है. उनके अनुसार उसी समय एक महिला अपने बच्चे को दिखाने आई थी, इसलिए उन्होंने वहीं बैठकर दवा लिख दी. उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान किसी ने बिना जानकारी के उनका वीडियो बना लिया.
कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को सम्मानजनक और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










