सूरज बिहारी हत्याकांड का छठा नामजद फरार अभियुक्त रजनीश सिंह बिहपुर में गिरफ्तार

सूरज बिहारी हत्याकांड में छठे नामजद फरार अभियुक्त रजनीश सिंह को पुलिस की टीम ने उस समय दबोच लिया, जब वह बिहपुर रेलवे स्टेशन से मुख्य सड़क एनएच 31 की ओर जा रहा था.
पूर्णिया. सूरज बिहारी हत्याकांड में छठे नामजद फरार अभियुक्त रजनीश सिंह को पुलिस की टीम ने उस समय दबोच लिया, जब वह बिहपुर रेलवे स्टेशन से मुख्य सड़क एनएच 31 की ओर जा रहा था. गुप्त सूचना मिलने के बाद यह कामयाबी सोमवार के दोपहर करीब 2 बजे की है. रजनीश सिंह को गिरफ्तार करने के बाद उसे सीधे मरंगा थाना लाया गया. बताया जा रहा है कि रजनीश सिंह पुलिस दबिश और कुर्की की कार्रवाई से डरकर आत्मसमर्पण करने की जुगत लगा रहा था. यह भी जानकारी मिल रही है कि वह पूर्णिया जिले के किसी थाने में आत्मसमर्पण करने के लिए बिहपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा था. इसकी सूचना पूर्व में ही पुलिस टीम को मिल चुकी थी. रजनीश सिंह पूर्णिया शहर में मरंगा थाना अंतर्गत लालगंज 36 40 रोड वसंत विहार में रहता है. वह मूल रूप से नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र के मदरौनी गांव का निवासी है. पुलिसिया पूछताछ से सूरज बिहारी हत्याकांड में अहम खुलासा हो सकता है. अब इस हत्याकांड के सातवें अंतिम नामजद फरार अभियुक्त अंशु सिंह की गिरफ्तारी होना बांकी है. वह मूल रूप से मीरगंज थाना क्षेत्र के सांझा घाट वार्ड 5 का निवासी है और वर्तमान में बसंत विहार में रहता है. मरंगा थानाघ्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि गठित पुलिस टीम ने रजनीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले शुक्रवार की दोपहर फरार अभियुक्त स्नेहिल झा उर्फ स्नेहिल ठाकुर व उसका भाई आदित्य ठाकुर ने मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना में आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद शनिवार सुबह हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त ब्रजेश सिंह के अलावा उसका भाई नंदू सिंह और अमन सिंह तीनों को पुलिस ने भवानीपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था. तीनों घटना के बाद से लगातार लोकेशन बदल रहे थे. पिछले 10 दिनों में दिल्ली, नोएडा, भोपाल, हावड़ा, फरक्का और नेपाल भी पहुंचे थे. इनकी गिरफ्तारी के बाद एसपी स्वीटी सहरावत द्वारा यह खुलासा हुआ था कि कारोबारी सूरज बिहारी के पिस्टल से ही ब्रजेश सिंह ने उनकी हत्या की थी. एसपी ने बताया था कि सभी फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद इस केस में स्पीडी ट्रायल चलाया जायेगा. बीते 27 जनवरी को सदर थाना क्षेत्र के चौहान टोला के रहने वाले कारोबारी सूरज बिहारी की मरंगा थाना क्षेत्र के बसंत विहार में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. घटनास्थल के पास मिले वीडियो फुटेज से सभी आरोपितों की पहचान की गयी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया. पुलिस टीम ने बीते 29 जनवरी को हत्या में इस्तेमाल की गयी तीन बाइक जब्त समेत विशाल कुमार नाम के युवक को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया था. इसके बाद सभी नामजद अभियुक्तों के घर पर गुरुवार को ढोल नगाड़ा बजाकर कुर्की की कार्रवाई के लिए इस्तेहार चिपकाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




