नवप्रवेशी छात्रों में स्टार्टअप और नवाचार की अलख, पीसीई में उद्यमिता सत्र का आयोजन

Updated:
विज्ञापन

फोटो- कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी एवं अन्य

पूर्णिया इंजीनियरिंग कॉलेज ने सत्र 2026 के नवप्रवेशी छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक उद्यमिता सत्र का आयोजन किया. छात्रों ने आइडियेशन चैलेंज में अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए और स्टार्टअप संस्थापकों से प्रेरणा ली.

विज्ञापन

Purnea Engineering College: पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (पीसीई) के स्टार्टअप सेल द्वारा सत्र 2026 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों (बैच 2के26) के लिए प्रेरणादायक एवं संवादात्मक उद्यमिता सत्र आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता, नेतृत्व क्षमता तथा वास्तविक समस्याओं के समाधान के प्रति वैज्ञानिक और रचनात्मक सोच विकसित करना था.

आइडियेशन चैलेंज में छात्रों ने दिखाया नवाचार

कार्यक्रम के दौरान आयोजित आइडियेशन चैलेंज में विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, कृषि तथा दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अपने अभिनव एवं व्यावहारिक विचार प्रस्तुत किए. छात्रों की प्रस्तुतियों में उनकी रचनात्मक सोच, विश्लेषण क्षमता और भविष्य के उद्यमी बनने की संभावनाएं स्पष्ट दिखाई दीं.

स्टार्टअप संस्थापकों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में EzyKnots और Trim Tokyo के संस्थापकों ने अपने स्टार्टअप की यात्रा विद्यार्थियों के साथ साझा की. उन्होंने बताया कि किसी भी सफल स्टार्टअप की नींव केवल अच्छे विचार पर नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, धैर्य, जोखिम उठाने की क्षमता और चुनौतियों का सामना करने के संकल्प पर टिकी होती है. उन्होंने छात्रों को अपने विचारों को व्यवसायिक रूप देने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया.

स्टार्टअप इकोसिस्टम की दी गई जानकारी

स्टार्टअप सेल की टीम ने विद्यार्थियों को कॉलेज में उपलब्ध इनोवेशन एवं स्टार्टअप इकोसिस्टम, मेंटरशिप, प्रोटोटाइप विकास, इनक्यूबेशन सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं और प्रतियोगिताओं की जानकारी दी. साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाले नवाचार कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया.

'रोजगार लेने नहीं, देने वाले बनें'

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार ने कहा कि वर्तमान समय रोजगार खोजने वालों का नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले युवाओं का है. उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग शिक्षा का उद्देश्य केवल तकनीकी ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं के लिए नवाचार आधारित समाधान विकसित करना भी है. उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों को दृढ़ संकल्प और परिश्रम के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया.

विद्यार्थियों ने नियमित आयोजन की उठाई मांग

Purnea Engineering College: कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए ऐसे प्रेरणादायक एवं व्यावहारिक सत्रों के नियमित आयोजन की आवश्यकता जताई. महाविद्यालय प्रबंधन ने भी नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का भरोसा दिया.


विज्ञापन
अभिषेक भास्कर

लेखक के बारे में

By अभिषेक भास्कर

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन