पूर्णिया में 'अभियान बसेरा' से चमकी गरीबों की किस्मत! विधायक कलाधर मंडल ने 43 भूमिहीन परिवारों को सौंपे बंदोबस्ती पर्चे, आशियाने का सपना हुआ सच

Updated:
विज्ञापन

फोटो- पर्चा वितरण करते विधायक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि

अभियान बसेरा के तहत भवानीपुर में 43 भूमिहीन परिवारों के चेहरों पर खुशी छा गई, जब उन्हें बंदोबस्ती पर्चे सौंपे गए. इस पहल से कमजोर वर्ग को स्थायी आशियाना बनाने का अवसर मिला है.

विज्ञापन

भवानीपुर (पूर्णिया). प्रखंड परिसर स्थित प्रखंड प्रमुख सभागार में अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों के बीच बंदोबस्ती पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान रुपौली विधायक कलाधर मंडल, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार और अंचलाधिकारी ईशा रंजन ने चयनित लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा सौंपा. कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार भूमि का अधिकार उपलब्ध कराना है.

छह पंचायतों के 43 परिवार हुए लाभान्वित

अंचलाधिकारी ईशा रंजन ने बताया कि अभियान बसेरा के तहत प्रखंड के 43 भूमिहीन परिवारों को बंदोबस्ती पर्चा दिया गया. इनमें बड़हरी, सोनमा, लाठी, सुपौली, रघुनाथपुर और शहीदगंज पंचायत के पात्र लाभुक शामिल हैं.उन्होंने कहा कि भूमिहीन परिवारों की पहचान, दावों का सत्यापन और नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है. पात्रता पूरी करने वाले अन्य परिवारों को भी आगे पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा.

भूमि का अधिकार सम्मान और सुरक्षा का आधार

विधायक कलाधर मंडल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के किसी भी परिवार को भूमिहीन नहीं रहने देना है. अभियान बसेरा के माध्यम से भूमिहीन परिवारों को भूमि का अधिकार देकर उन्हें स्थायी आशियाना बनाने का अवसर दिया जा रहा है.उन्होंने कहा कि भूमि केवल रहने का आधार नहीं, बल्कि परिवार के सम्मान, सुरक्षा और भविष्य से भी जुड़ी है. सरकार की इस पहल से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी.

अन्य पंचायतों में भी मिलेगा पर्चा

सीओ ईशा रंजन ने बताया कि पात्र परिवारों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य पंचायतों में भी लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य है कि अभियान का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे.

सभी पात्र परिवारों तक योजना पहुंचाने का प्रयास

बीडीओ मनोज कुमार ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. नियमानुसार सत्यापन के बाद पात्र लाभुकों को बंदोबस्ती पर्चा दिया जा रहा है. उन्होंने पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की बात कही.

पर्चा मिलते ही खिले लाभुकों के चेहरे

बंदोबस्ती पर्चा मिलने के बाद लाभुकों में उत्साह देखने को मिला. लाभुकों ने कहा कि भूमि का अधिकार मिलने से परिवार के भविष्य को लेकर उनका भरोसा बढ़ा है. उन्होंने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब अपने घर का सपना पूरा करने की राह आसान होगी.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन