डॉन बॉस्को स्कूल में टीडीएस नियमों पर आयकर विभाग का जागरूकता कार्यक्रम, 47 कर्मचारी हुए शामिल
फोटो- बैठक में शामिल आयकर कर्मी एवं शिक्षकगण | Prabhat Khabar Network
आयकर विभाग ने डॉन बॉस्को स्कूल, पूर्णिया में टीडीएस प्रावधानों पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में 47 स्कूल अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयकर अधिनियम, 2025 के तहत टीडीएस की कटौतियां, ई-टीडीएस रिटर्न भरने की प्रक्रिया और गलत रिफंड दावों से बचने के तरीके सीखे.
पूर्णिया. डॉन बॉस्को स्कूल, पूर्णिया में आयकर विभाग की ओर से आयकर अधिनियम, 2025 के तहत टीडीएस के प्रावधानों को लेकर सेमिनार सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में आयकर अधिकारी थेन्दु शेरिंग भूटिया, मनीष कुमार सिन्हा, आयकर निरीक्षक शुभजीत देवनाथ सहित विभागीय टीम ने विद्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को टीडीएस से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी.
आपके शहर में
टीडीएस के प्रावधानों की दी गयी जानकारी
आयकर विभाग की टीम ने आयकर अधिनियम, 2025 के तहत टीडीएस से संबंधित महत्वपूर्ण धाराओं और प्रावधानों को विस्तार से समझाया. अधिकारियों ने टीडीएस की सही गणना, निर्धारित समय सीमा में राशि की कटौती और उसे सरकार के खाते में जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी.
ई-टीडीएस रिटर्न और विवरण सुधारने की प्रक्रिया समझाई
सेमिनार में ई-टीडीएस रिटर्न दाखिल करने, रिटर्न में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर विवरण में सुधार करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक फॉर्म जारी करने की प्रक्रिया भी बताई गई. अधिकारियों ने कर्मचारियों को समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने की सलाह दी.
गलत रिफंड दावे को लेकर किया जागरूक
आयकर अधिकारियों ने गलत कटौती का दावा कर रिफंड प्राप्त करने के प्रयासों से होने वाली परेशानियों के बारे में भी कर्मचारियों को जागरूक किया. उन्होंने टीडीएस से जुड़े दस्तावेजों और विवरणों को सही तरीके से तैयार करने तथा नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया.
प्रश्नोत्तर सत्र में दूर की गयीं शंकाएं
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया. इसमें विद्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने टीडीएस कटौती, रिटर्न और अन्य आयकर संबंधी प्रक्रियाओं को लेकर सवाल पूछे. आयकर विभाग की टीम ने उनकी शंकाओं का समाधान किया.
विद्यालय के 47 अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सह सचिव फादर एलेग्जेंडर टोपनो, लेखापाल शबनम संगा, रोकड़पाल कामेश्वर मिंज, विशेष कार्य प्रभारी अरुण कुमार यादव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यक्रम में कुल 47 विभागीय अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरुण कुमार
अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए