हर बच्चे को मिले उसका हक व सुरक्षा : डीएम

Updated at : 28 Mar 2026 7:39 PM (IST)
विज्ञापन
हर बच्चे को मिले उसका हक व सुरक्षा : डीएम

जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह का किया निरीक्षण, अधिकारियों दिये कई निर्देश

विज्ञापन

जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह का किया निरीक्षण, अधिकारियों दिये कई निर्देश

पूर्णिया. जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने शनिवार को पर्यवेक्षण गृह, पूर्णिया का निरीक्षण किया. इस अवसर पर समिति के सभी नामित सदस्य मौजूद थे. निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिये साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बच्चों के अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा हो तथा उन्हें एक सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाये.

डीएम ने पर्यवेक्षण गृह के अधीक्षक को निर्देश दिया कि अपने अधीनस्थ कर्मियों को विभागीय निदेशानुसार स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन,आवासन, इत्यादि का दैनिक रूप से पर्यवेक्षण करते हुए जिला बाल संरक्षण इकाई, पूर्णिया को उपलब्ध कराने का निदेश दिया.यह त्रैमासिक निरीक्षण समाज कल्याण विभाग के निदेश पर बच्चों के हितों की रक्षा एवं उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया जिससे उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायता मिल सके.इस अवसर पर डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया,सिविल सर्जन, आलोक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मु0)-सह-नोडल पदाधिकारी विशेष किशोर पुलिस इकाई,जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति, सदस्य, किशोर न्याय परिषद, एवं संबंधित सदस्यगण उपस्थित उपस्थित थे.

पर्यवेक्षण गृह में क्षमता से अधिक बच्चे

निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि पर्यवेक्षण गृह में बच्चों की क्षमता 50 के विरूद्ध कुल-68 विधि विवादित बच्चें पर्यवेक्षण गृह में आवासित हैं. इसमें पूर्णिया जिला के 29 एवं कटिहार जिला के 39 बच्चें शामिल हैं. निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षण गृह के बच्चें कक्षा में अध्ययनरत पाये गये. सभी बच्चों के लिए उम्र के अनुकुल अलग-अलग कक्षा की व्यवस्था की गयी है. जिला पदाधिकारी ने बच्चों से पठन-पाठन एवं शिक्षण संबंधी विस्तृत पूछताछ की. जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए समाचार पत्र, विभिन्न शैक्षणिक पत्रिका यथा-योजना कुरूक्षेत्र, इण्डिया टूडे एवं प्रेरक पत्रिकाओं आदि के माध्यम से भी शिक्षा ग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करें.

आवासित बच्चों के लिए 7 शिक्षक प्रतिनियुक्त

जिला बाल संरक्षण इकाई, पूर्णिया के सहायक निदेशक अमरेश कुमार ने जानकारी दी कि 07 शिक्षक शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्त हैं.इनके द्वारा आवासित बच्चों को पाठ्यक्रम के अनुरूप नियमित रूप से शिक्षा उपलब्ध करायी जाती है. निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह में रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं क्रमशः आवास,भोजन,स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं,शिक्षा एवं पुनर्वासन से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया.

डीएम ने बच्चों से किया संवाद

जिला पदाधिकारी ने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की. जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुलभ कराना सुनिश्चित करें.जिला पदाधिकारी ने साफ-सफाई,सुरक्षा व्यवस्था एवं पोषण मानकों का विशेष ध्यान रखने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया.

नियमित होती है बच्चों के स्वास्थ्य की जांच

पर्यवेक्षण गृह में आवासित किशोरों के चिकित्सा के बारे में पृच्छा करने पर सहायक निदेशक,जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा बताया गया कि असैनिक शल्य चिकित्सक -सह- मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य की जांच हेतु रोस्टर ड्यूटी के अनुसार दैनिक रूप से 05 चिकित्सा पदाधिकारी, 03 ए0एन0एम0, 02 लैब टेक्निशियन एवं 01 फार्मासिस्ट प्रतिनियुक्त हैं.जिला पदाधिकारी द्वारा गृह में आवासित सभी बच्चों के रक्त जांच एवं अन्य चिकित्सीय जांच कैंप लगाकर अविलम्ब कराने का निदेश सिविल सर्जन पूर्णिया डॉक्टर प्रमोद कुमार कनौजिया को दिया गया.

पाठ्यक्रम के अतिरिक्त बच्चों को मिले शिक्षा

सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा बताया गया कि बच्चों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त कंप्यूटर शिक्षा,कला एवं शिल्प,नाट्यकला,नुक्कड़ नाटक, आदि का प्रशिक्षण/कौशल गृह में प्रदान किया जाता है. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बच्चों को कला एवं शिल्प का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. मौके पर उपस्थित कम्प्यूटर का प्रशिक्षण दे रहे शिक्षकों को निदेश दिया गया कि बच्चों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण के अतिरिक्त अंग्रेजी एवं हिन्दी टाइपिंग में निपुण बनाने हेतु उपयुक्त प्रशिक्षण प्रदान करना सुनिश्चित करें. साथ हीं साथ किलकारी के माध्यम से बच्चों को विविध प्रशिक्षण दिलाने का निदेश दिया गया.

विज्ञापन
ARUN KUMAR

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

ARUN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन