ePaper

सज गया क्रिसमस का बाजार, सांता क्लॉज, टोपियों की हो रही शॉपिंग

Updated at : 22 Dec 2025 6:36 PM (IST)
विज्ञापन
सज गया क्रिसमस का बाजार, सांता क्लॉज, टोपियों की हो रही शॉपिंग

क्रिसमस पर्व में अभी दो दिन शेष है, लेकिन शहर में अभी से उत्साह दिखने लगा है.

विज्ञापन

जिले के सभी चर्च में सजावट को दिया जा रहा अंतिम रूप

होटलों और दुकानों में मिलने लगे हैं केक के आर्डर

पूर्णिया. क्रिसमस पर्व में अभी दो दिन शेष है, लेकिन शहर में अभी से उत्साह दिखने लगा है. इस त्योहार को लेकर बाजार भी सज चुका है. जहां एक से बढ़कर एक क्रिसमस आइटम बिक्री के लिए आ चुके हैं. इसी वजह से अभी से क्रिसमस बाजार में बड़ी संख्या में मसीही समुदाय के लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं. शहर के भट्ठा बाजार समेत विभिन्न मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों में क्रिसमस का अलग बाजार आबाद हो गया है. बाजार में विभिन्न डिजाइन के सांता क्लाज, चरनी सेट, स्टार, सांता क्लॉज ड्रेस, बच्चों के ड्रेस, इलेक्ट्रिकल डेकोरेशन आइटम, क्रिसमस ट्री की बड़ी रेंज उपलब्ध है. इधर, शहर के विभिन्न होटलों में क्रिसमस के लिए केक के भी आर्डर आने लगे हैं.

दुकानों पर क्रिसमस से संबंधित सामान और गिफ्ट सज गए हैं. क्रिसमस-ट्री से लेकर जिंगल बेल (घंटी) तक की ढेर सारी वैरायटी बाजार में आ गयी है. क्रिसमस को लेकर ईसाई समाज के लोगों में खासा उत्साह दिखायी दे रहा है. लोग अपने घरों पर भी क्रिसमस की तैयारी में जुटे हैं. घरों में सजावट की जा रही है. शहर के चर्च बिजली की रंगीन रोशनियों से सजाए जा रहे हैं. क्रिसमस का त्योहार कई चीजों के लिए खास होता है, जैसे क्रिसमस ट्री, स्टार, गिफ्ट्स आदि. लोग मानते हैं क्रिसमस के दिन सांता क्लॉज बच्चों को उपहार देता है. भट्ठा मार्केट के दुकानदार संजय प्रसाद ने बताया कि इस बार क्रिसमस बाजार में पहले से ही रौनक आ गया है, ऐसे में इस बार धूमधाम से पर्व मनाने की संभावना है. इसी संभावना को देखते हुए बाजार में अधिक से अधिक क्रिसमस सामान उतारा गया है. ऐसे में मसीही समाज के लोग अभी से सजावटी सामान में स्टार, ट्री, रंग-बिरंगे लाइट की खरीदी करने लगे हैं.

वैरायटी ढेर सारी, पर महंगा है हर आइटम

क्रिसमस के बाजार में सांता क्लॉज की कैप, जर्सी, सांता बेल, सांता स्टीकर, क्रिसमस ट्री आदि की ढेर सारी वैराइटी है, पर कोई आइटम सस्ता नहीं है. सांता कैप की ही बात करें तो मध्यम स्तर की कीमत 250 तक चली जाती है. इसी तरह सांता क्लॉज जर्सी की कीमत 1500 रुपए तक जा रही है. दुकानदार सोहन कुमार का कहना है कि इस बार सांता की कैप का क्रेज काफी दिखाई दे रहा है. लोग अपने बच्चों के लिए कैप की खरीदारी कर रहे हैं. क्रिसमस के लिए बाजार में खास तरह की बेल भी हुई हैं. घर में सजावट के लिए यह बेल काफी पसंद की जा रही है. घर के मुख्य द्वार और ड्रॉइंग रूम में लगाने के लिए लोग अपनी पसंद के अनुसार बेल खरीद रहे हैं. मीडियम रेंज की बेल लोगों की खास पसंद बनी है.

बाजार में सांता क्लॉज भी है काफी खास

इस बार साइज में बड़े सांता क्लॉज बनाए गये हैं. इनमें हवा भरकर इन्हें आकार दिया जाता है. इसमें कई इलेक्ट्रानिक्स सांता क्लॉज भी है, जो मूवमेंट भी करते हैं. यह बच्चों को खूब पसंद आ रहे हैं. बाजार में इनकी बड़ी रेंज रखी गयी है. इसके अलावा चमकीले स्टार, सांता की मूर्ति, सांता के टैडी, सांता के चेहरे वाली पेंसिल भी खूब पसंद की जा रही है. प्रभु यीशू की तस्वीर भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी है. बाजार में हर साइज के क्रिसमस ट्री मिल रहे हैं. छोटे से लेकर आठ फीट लंबे क्रिसमस ट्री भी बाजार में उपलब्ध हैं. क्रिसमस ट्री पर सजाने के लिए स्टार, चाकलेट, बल्ब और अन्य कई छोटे-छोटे खिलौनों की खरीदारी भी खूब हो रही है. इसके अलावा पेड़ों पर लटकाने वाले बल्ब, स्टार घरों में टांगने के लिए झूमर आदि भी मार्केट में सज चुके हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
AKHILESH CHANDRA

लेखक के बारे में

By AKHILESH CHANDRA

AKHILESH CHANDRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन