सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले जिला स्कूल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला
जिला स्कूल पूर्णिया के प्रशाल हॉल में शॉर्ट सर्किट की घटना के बाद जांच करते अधिकारी और मौजूद कर्मी.
Bihar Police Constable Exam Fire:: जिला स्कूल के प्रशाल हॉल में शॉर्ट सर्किट से मची अफरा-तफरी के बीच प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.
पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट:
Bihar Police Constable Exam Fire: सिपाही भर्ती परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले पूर्णिया के जिला स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई है. घटना के बाद कुछ देर के लिए परीक्षा केंद्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि अधिकारियों और कर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
मुख्य बातें
बिजली बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी
जानकारी के अनुसार जिला स्कूल के प्रशाल हॉल में सिपाही भर्ती परीक्षा के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं. परीक्षार्थी भी केंद्र पर पहुंच चुके थे और परीक्षा शुरू होने में कुछ ही समय शेष था.
इसी दौरान हॉल के एक बिजली बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया. देखते ही देखते चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं फैलने लगा. कुछ देर बाद वहां आग की लपटें भी दिखाई देने लगीं, जिससे मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही केंद्र पर तैनात सुरक्षाकर्मी, शिक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला. साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई.
हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था. एहतियात के तौर पर जीएमसीएच प्रशासन को भी सूचना दी गई, जिसके बाद एंबुलेंस जिला स्कूल पहुंची.
कोई हताहत नहीं, परीक्षा सामग्री भी सुरक्षित
घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है. परीक्षा सामग्री भी पूरी तरह सुरक्षित बताई जा रही है.
मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता बलवीर कुमार बागिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण मामूली आग लगी थी, जिस पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया. समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और न ही कोई परीक्षार्थी अथवा कर्मचारी घायल हुआ.
प्रशासन ने ली राहत की सांस
घटना के बाद कुछ समय के लिए परीक्षा केंद्र पर तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन हालात सामान्य होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली. अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
और पढ़ें: बिहार के सभी थानों को डिजिटल बनाने की तैयारी, अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










