पटना: दुल्हिनबाजार के खेल मैदान में फिजिकल की तैयारी कर रहे युवक अचानक गिरकर हुआ बेहोश, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मृतक का तस्वीर
Patna news: दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खेल मैदान में फिजिकल की तैयारी कर रहे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. डायल-112 की टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
Patna news: दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के लाला भदसारा गांव स्थित खेल मैदान में सोमवार सुबह फिजिकल की तैयारी कर रहे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. युवक मैदान में ही बेहोश होकर गिर पड़ा था. सूचना मिलने पर पहुंची डायल-112 की टीम उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान गया जिले के रौनिया गांव निवासी कमलेश प्रसाद सिंह के पुत्र शिवकांत कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह पालीगंज के बाबा बोरिंग रोड मुहल्ले में रहकर पढ़ाई करता था.
फिजिकल की तैयारी के लिए रोज आता था मैदान
स्थानीय लोगों के अनुसार, शिवकांत कुमार प्रतिदिन सुबह पालीगंज से दुल्हिनबाजार के लाला भदसारा गांव स्थित खेल मैदान में फिजिकल की तैयारी करने के लिए आता था. सोमवार सुबह भी वह अभ्यास के लिए मैदान पहुंचा था. इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई और वह मैदान में गिरकर बेहोश हो गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे तत्काल इलाज के लिए भरतपुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
दुल्हिनबाजार थानाध्यक्ष विकास कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है. युवक की असामयिक मौत से उसके परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










