पटना जंक्शन पर फर्जी टीटीई बनकर वसूली का वीडियो वायरल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर केस दर्ज

Author Nitish kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

Patna Junction fake TTE: सोशल मीडिया पर व्यूज के लिए रेलवे टीटीई की वर्दी पहनकर यात्रियों से पैसे वसूलने का वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया. रेल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है.

विज्ञापन

Patna Junction fake TTE: सोशल मीडिया पर व्यूज और लोकप्रियता हासिल करने के लिए एक युवक द्वारा रेलवे टीटीई की वर्दी पहनकर यात्रियों से अवैध वसूली करने का वीडियो बनाना भारी पड़ गया. पटना जंक्शन के फुट ओवरब्रिज पर फिल्माए गए इस वीडियो के वायरल होने के बाद रेल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए रेल साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

वायरल वीडियो इंस्टाग्राम पर Shivamguptavlogv_ नामक आईडी और एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से साझा किया गया था. वीडियो में एक युवक रेलवे टीटीई की वर्दी पहनकर यात्रियों का टिकट जांचते और टिकट नहीं होने पर उनसे पैसे वसूलते हुए दिखाई दे रहा है.

आधे घंटे में 1200 रुपये वसूली का किया दावा

वीडियो में युवक अपने हाथ में नोट दिखाते हुए दावा करता नजर आ रहा है कि उसने फर्जी टीटीई बनकर मात्र आधे घंटे में 1200 रुपये की वसूली कर ली. इसके साथ ही वह यह सवाल भी उठाता है कि यदि वह आधे घंटे में इतनी राशि वसूल सकता है तो असली टीटीई एक दिन में कितना कमाते होंगे. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला रेल पुलिस तक पहुंचा. जांच के दौरान वीडियो को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया.

रेल पुलिस ने दर्ज कराया केस

रेल पटना साइबर थाना में पदस्थापित एएसआई राजेश कुमार राम ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार उन्होंने 16 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखा, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति पटना जंक्शन के ओवरब्रिज पर टीटीई की वर्दी पहनकर यात्रियों की जांच करता और उनसे पैसे वसूलता दिखाई दे रहा था. पुलिस ने वीडियो के स्क्रीनशॉट, यूआरएल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की है.

युवक की पहचान में जुटी पुलिस

रेल पुलिस ने युवक पर सरकारी पोशाक के दुरुपयोग, रेलवे नियमों के उल्लंघन और सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक संदेश फैलाने का आरोप लगाया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिवम गुप्ता कहां का रहने वाला है और वीडियो बनाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सरकारी वर्दी का गलत इस्तेमाल और यात्रियों को भ्रमित करने जैसी गतिविधियों को गंभीरता से लिया जा रहा है. मामले की जांच जारी है.


विज्ञापन
Nitish Kumar

लेखक के बारे में

By Nitish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन