Patna News : सिविल कोर्ट में हाजिरी देने जा रहे नीलेश मुखिया हत्याकांड के आरोपित की गंगा पथ पर गोली मार कर हत्या

बाइक सवार अपराधियों ने जेपी गंगा पथ पर नीलेश मुखिया हत्याकांड के एक आरोपित की गोली मार कर हत्या कर दी. उस समय वह स्कूटी से सिविल कोर्ट में हाजिरी देने जा रहा था.
प्रतिनिधि, पटना सिटी : बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार को सुबह लगभग साढ़े 11 बजे जेपी गंगा पथ पर स्कूटी से दोस्त के साथ जा रहे 28 वर्षीय सैय्यद शाहनबाज की गोली मार कर हत्या कर दी. हालांकि, उसका दोस्त मो कैफ बाल-बाल बच गया. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गये. यह घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के खान मिर्जा मुहल्ले के मस्जिद घाट के सामने गंगा पथ पर हुई है. गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुए शाहनबाज को पीएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शाहनबाज पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कुर्जी में 31 जुलाई, 2023 की सुबह हुए नीलेश मुखिया हत्याकांड का आरोपित था. शाहनबाज और उसके साथ मो राजा को पुलिस टीम ने नीलेश मुखिया हत्याकांड में गिरफ्तार कर जेल भेजा था. लेकिन, शाहनबाज को जमानत मिल गयी थी और वह इस केस में ही हाजिरी देने के लिए सिविल कोर्ट जा रहा था. शाहनबाज ने ही नीलेश मुखिया को गोली मारने में शूटर की भूमिका अदा की थी. इधर, हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ के रामदास, पटना सिटी एएसपी अतुलेश झा भी मौके पर पहुंचे और छानबीन की. मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर तीन खोखे मिले हैं. एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस तकनीकी अनुसंधान कर रही है. मृतक के खिलाफ भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसका निलेश मुखिया हत्याकांड में भी नाम आया था.
पहले पीठ में मारी गोली, फिर सटा कर मारी दो गोलियांं
बताया जाता है कि खाजेकलां थाने के सोनार टोली के माशूक अली रोड मुहल्ला निवासी मो इफ्तेखार हुसैन के पुत्र मो शाहनबाज के साथ उसका दोस्त मो कैफ था. वे दोनों अशोक राजपथ स्थित सिविल कोर्ट में हाजिरी देने के लिए घर से स्कूटी से सुबह 10 बजे निकले थे. जाम में नहीं फंसे, इसलिए वे लोग जेपी गंगा पथ से जा रहे थे. स्कूटी पर शाहनबाज हेलमेट पहन पीछे बैठा था और माे कैफ उसे चला रहा था. जैसे ही दोनों मस्जिद घाट के सामने पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो लोग हेलमेट लगाये उसकी स्कूटी के पास पहुंचे. इसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने शाहनबाज को टारगेट कर फायरिंग की. गोली शाहनबाज की पीठ में लगी और वह खून से लथपथ स्कूटी से नीचे गिर गया. उसके सिर पर रहा हेलमेट भी निकल गया. इसके बाद बदमाशों ने उसके सिर में सटा कर दो और गोलियां मारीं. इसके बाद उसे मृत मान कर हथियार लहराते हुए फरार हो गये. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, तो शरीर पर तीन गोली के निशान पाये गये हैं.
दोस्त लगाता रहा गुहार, नहीं सुनी किसी ने पुकार
इस दौरान जेपी गंगा पथ पर अफरा-तफरी मच गयी थी. मो कैफ बदहवास हो गया और उसने खून से लथपथ दोस्त को अस्पताल पहुंचाने के लिए कई वाहनों को रोकने की कोशिश की. लेकिन, किसी ने उसकी पुकार नहीं सुनी और मदद नहीं मिली. किसी तरह उसने खुद उसे उठा कर पीएमसीएच लाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस बीच सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी पहुंचे. मो कैफ ने पुलिस को बताया है कि बदमाश दो की संख्या में थे और दोनों ने सिर में हेलमेट लगा रखा था.
जमीन के कारोबार से भी जुड़ा था शाहनबाज
परिजनों का कहना है कि शाहनबाज जमीन के कारोबार से भी जुड़ा था. वहीं, पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हर बिंदु पर तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान करते हुए छानबीन की. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल से अपराधियों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला है. एएसपी की मानें, तो हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है. उन्होंने अदावत में घटना होने की संभावना जतायी. पुलिस घटना से जुड़े हर बिंदु पर छानबीन कर रही है. परिजनों से पूछताछ से मामला स्पष्ट हो पायेगा. परिजनों ने बताया कि शाहनबाज दो भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि चार बहनें हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




