Patna : बिस्कोमान कर्मियों के वेतन राशि में घोटाला, 31.19 लाख रुपये का गबन, पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 30 Aug 2022 5:58 AM
पटना में बिस्कोमान कर्मियों के वेतन राशि से 31.19 लाख रुपये का गबन किया गया है. इसमें सबसे अधिक राशि 24.43 लाख रुपया सनोज व उसकी पत्नी ज्योति कुमारी के खाते में स्थानांतरित किये गये. सनोज के खाते में 19.53 लाख और उसकी पत्नी के खाते में 4.90 लाख रुपये स्थानांतरित किये गये.
पटना. सहकारी संस्था बिस्कोमान के कर्मियों के वेतन राशि में घोटाला का मामला प्रकाश में आया है. कर्मियों को दी जाने वाली वेतन की राशि का 31.19 लाख रुपया गबन कर लिया गया है. इस पूरे मामले के सामने आने के बाद संस्थान के विधि के प्रभारी पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने संस्था के ऑफिस एग्जीक्यूटिव कम असिस्टेंट व आलमगंज बजरंगबली कॉलोनी निवासी सनोज कुमार, सनोज की पत्नी ज्योति कुमारी, लेखा सहायक व कोडरमा निवासी अमित कुमार, अमित कुमार सिंह, पूर्व कर्मी व जहानाबाद निवासी सूरज प्रकाश व सुपौल निवासी अभिनव कुमार के खिलाफ गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है.
खास बात यह है कि इस पूरे गबन के मामले की घटना को अंजाम देने की साजिश अमित कुमार व सनोज ने रची थी. अमित व सनोज के पास ही वेतन राशि भुगतान करने की जिम्मेदारी थी. लेकिन इन दोनों ने 31.19 लाख की राशि को पत्नी, पूर्व कर्मी व करीबी के खाते में स्थानांतरित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक राशि 24.43 लाख रुपया सनोज व उसकी पत्नी ज्योति कुमारी के खाते में स्थानांतरित किये गये. सनोज के खाते में 19.53 लाख और उसकी पत्नी के खाते में 4.90 लाख रुपये स्थानांतरित किये गये. जबकि सूरज के खाते में 6.41 लाख रुपया व अभिनव कुमार के दो खाते में 35 हजार रुपया स्थानांतरित किये गये हैं.
Also Read: RJD विधायक अनिल सहनी व दो अन्य दोषी करार, स्पेशल CBI कोर्ट ने एलटीसी घोटाले में सुनाया फैसला
बताया जाता है कि कई कर्मियों को वेतन नहीं मिला और जब जांच की गयी तो 22 मई को घोटाले की जानकारी बिस्कोमान प्रबंधन को मिली. पूरे मामले की जांच के लिए जुलाई में जांच कमेटी का गठन किया गया. इस कमेटी ने जब जांच शुरू किया तो वैसे ही गबन की जानकारी हुई. इन लोगों ने फर्जी वेतन विपत्र तैयार किया और उस राशि को अपने व अन्य के नाम के खातों में स्थानांतरित कर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










