बिहार में बनेगा धार्मिक पर्यटन का मेगा कॉरिडोर, सीएम सम्राट बोले- मुंडेश्वरी से विष्णुपद तक सभी प्रमुख स्थल होंगे कनेक्ट
सीएम सम्राट चौधरी की फाइल फोटो
Samrat Choudhary Gift: बिहार के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि प्रमुख तीर्थ और ऐतिहासिक स्थलों को कॉरिडोर से जोड़कर विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
Samrat Choudhary Gift: पटना के फुलवारी शरीफ स्थित नदियामा गांव में आयोजित सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को कॉरिडोर के माध्यम से जोड़कर विकसित किया जाएगा.
आपके शहर में
आस्था और इतिहास की भूमि है बिहार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अध्यात्म, संस्कृति और इतिहास की समृद्ध विरासत वाला राज्य है. लेकिन कई महत्वपूर्ण स्थलों को अब तक वह पहचान नहीं मिल पाई, जिसके वे हकदार हैं. सरकार अब इन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है.
इन प्रमुख स्थलों पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि कैमूर का मां मुंडेश्वरी मंदिर, सोनपुर का हरिहरनाथ मंदिर, गया का विष्णुपद मंदिर, नालंदा के ऐतिहासिक अवशेष और विक्रमशिला महाविहार जैसे स्थलों को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा. इन स्थानों तक बेहतर सड़क, परिवहन और आधुनिक सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी.
धार्मिक पर्यटन के लिए बनेगा कॉरिडोर
सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष कॉरिडोर और पर्यटन सर्किट विकसित करेगी. इससे श्रद्धालु एक ही यात्रा में कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सड़क, सुरक्षा, आवास और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
सम्राट चौधरी ने कहा कि पर्यटन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि आर्थिक विकास का भी बड़ा माध्यम है. राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल उद्योग, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा. युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
नालंदा और विक्रमशिला पर भी विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक विरासत को और मजबूत किया जा रहा है. साथ ही विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है. इससे बिहार की प्राचीन शैक्षणिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी.
विकसित बिहार के विजन पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में बिहार की महत्वपूर्ण भूमिका है. धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और बिहार देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में अपनी अलग पहचान बनाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार के धार्मिक और पर्यटन स्थलों का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ दिखाई देगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए