पटना: गंगा की तेज धारा से पानापुर घाट पर कटाव शुरू, दानापुर दियारा के लोगों की बढ़ी चिंता
दानापुर के पानापुर घाट पर गंगा नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर
दानापुर के पानापुर घाट पर गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज धारा के कारण कटाव शुरू हो गया है. इससे दियारा क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई है, जिन्हें अपनी उपजाऊ जमीन और फसलों के नुकसान का डर सता रहा है. ग्रामीणों ने सरकार से अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू करने की मांग की है.
Patna Ganga Erosion Starts at Panapur Ghat: गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और तेज धारा के कारण दानापुर के पानापुर घाट पर कटाव शुरू हो गया है. कटाव शुरू होने से दियारा क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों को चिंता है कि यदि कटाव पर जल्द रोक नहीं लगायी गयी तो उपजाऊ कृषि योग्य जमीन गंगा में समा सकती है और खेतों में लगी फसल को भी नुकसान हो सकता है.
आपके शहर में
दो दिनों से पानापुर घाट पर कटाव
पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश यादव ने बताया कि पानापुर पीपा पुल घाट के पूर्व करीब दो दिनों से कटाव शुरू हुआ है. उन्होंने कहा कि गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है. नदी के उफान और तेज धारा के कारण कटाव की स्थिति बन गयी है. उन्होंने मुख्यमंत्री, जल संसाधन मंत्री और विभागीय अधिकारियों से कटाव रोकने के लिए उचित पहल करने की मांग की है. साथ ही जल्द से जल्द कटावरोधी कार्य शुरू कराने की अपील की है.
पिछले साल कराया गया था जी बैग पीचिंग
दियारा वासियों ने बताया कि पिछले वर्ष जल संसाधन विभाग की ओर से कटावरोधी कार्य के तहत जी बैग पीचिंग कराया गया था. इसके बावजूद पानापुर घाट पर दोबारा कटाव शुरू होने से ग्रामीणों ने कार्य की प्रभावशीलता पर सवाल उठाये हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटावरोधी उपाय नहीं किये गये तो हर साल की तरह इस बार भी कृषि योग्य जमीन गंगा में समा सकती है.
फसल को नुकसान की चिंता
पानापुर निवासी जयपाल यादव ने बताया कि गंगा के उफान और तेज धारा के कारण तेजी से कटाव शुरू होने से गांव के लोगों में दहशत है. कटाव को लेकर किसान अपनी फसल और जमीन को लेकर चिंतित हैं. ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष गंगा के कटाव से कृषि योग्य भूमि का नुकसान होता है. इस बार भी यदि कटाव नहीं रुका तो खेतों में लगी फसल के साथ बड़ी मात्रा में उपजाऊ जमीन नदी में समा सकती है.
सरकार से कटाव रोकने की मांग
दियारा वासियों ने राज्य सरकार, मुख्यमंत्री, आपदा प्रबंधन विभाग और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से पानापुर घाट पर जल्द कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए