पांच साल के लिए निजी एजेंसी संभालेगी अदालतगंज तालाब, फिर शुरू होंगी बोटिंग और लेजर शो
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
पटना के अदालतगंज तालाब का संचालन अब निजी एजेंसी करेगी। एक सप्ताह में बोटिंग, लेजर शो और अन्य सुविधाएं फिर से शुरू होंगी। जानें पूरी जानकारी।
Adalatganj Pond : राजधानी पटना के अदालतगंज तालाब के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी अब निजी एजेंसी को सौंपी जायेगी. पिछले एक साल से पटना स्मार्ट सिटी खुद तालाब और पार्क परिसर का संचालन कर रहा था. रखरखाव के अभाव में बोटिंग, लेजर शो, फूड कियोस्क समेत कई सुविधाएं बंद थीं. अब लोगों को सभी सुविधाएं फिर से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार की ही एक निजी एजेंसी का चयन किया गया है.
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन समेत अन्य प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अगले दो से तीन दिनों में एजेंसी के साथ एग्रीमेंट होने की संभावना है. इसके बाद एजेंसी तालाब और पूरे पार्क परिसर की देखरेख व संचालन शुरू कर देगी. पांच वर्षों के लिए यह जिम्मेदारी रेंटल मॉडल पर दी जा रही है.
टिकट काउंटर से किड्स प्ले एरिया तक का संभालेगी जिम्मा
निजी एजेंसी को पार्क के टिकट काउंटर, पार्किंग, बोटिंग, फूड कियोस्क और किड्स प्ले एरिया के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी जायेगी. एजेंसी के काम संभालने के बाद बंद पड़ी मनोरंजन और अन्य सुविधाओं को दोबारा शुरू किया जायेगा.
फिर शुरू होगी पैडल बोटिंग और लेजर शो
अदालतगंज तालाब में लोगों को फिर से पैडल बोटिंग की सुविधा मिलेगी. शाम के समय लेजर लाइट और म्यूजिकल फाउंटेन शो नियमित रूप से चलाये जायेंगे. बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया के साथ ट्रम्पोलिन और जॉर्बिंग बॉल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. इससे शहरवासियों और पर्यटकों को बेहतर मनोरंजन की सुविधा मिलने की उम्मीद है.
स्मार्ट सिटी तय करेगा शुल्क, मनमानी वसूली पर जुर्माना
तालाब परिसर का संचालन निजी एजेंसी करेगी, लेकिन टिकट, पार्किंग, बोटिंग और खेल-कूद की दरें पटना स्मार्ट सिटी प्रशासन तय करेगा. बच्चों के लिए प्रवेश शुल्क 10 रुपये और वयस्कों के लिए 20 रुपये निर्धारित है. 15 मिनट की बोटिंग के लिए 25 रुपये शुल्क तय किया गया है.
एजेंसी को सभी निर्धारित दरों की सूची परिसर में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करनी होगी. तय दर से अधिक राशि वसूलने पर एजेंसी पर जुर्माना लगाया जायेगा. बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर एग्रीमेंट रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है.
दो फूड कियोस्क में मिलेगा खान-पान
परिसर में दो फूड कियोस्क संचालित किये जायेंगे. यहां खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा. बासी खाना बेचने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी. वहीं, ओपन एयर थिएटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्टार्टअप से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जा सकेंगे.
सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी
पीआरओ प्रिया सौरभ ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए परिसर में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. 24 घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी चालू रखे जायेंगे. कचरा प्रबंधन के लिए गीले और सूखे कचरे के वैज्ञानिक निपटान की व्यवस्था की जायेगी.
अदालतगंज तालाब को बेहतर संचालन के लिए निजी एजेंसी को सौंपा जा रहा है. हमारा मुख्य ध्यान आम लोगों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, सुरक्षा और बेहतर अनुभव देने पर है. दरों पर नियंत्रण रहेगा और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. - मो शमशाद, सीइओ, पटना स्मार्ट सिटी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए