पटना: तीन युवकों को पुलिस ने पकड़ा, एक ने बाथरूम में फंदा लगाकर दी जान, जांच के लिए पहुंचे एसएसपी
घटना के बाद जांच के लिए पहुंचे अधिकारी
पालीगंज के सिगोड़ी थाना में पुलिस हिरासत में एक युवक ने बाथरूम में गमछे से फंदा लगा लिया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच जांच कर रहे हैं.
Hanged himself at the police station : पटना जिले के पालीगंज स्थित सिगोड़ी थाना परिसर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की हिरासत में लिये गये एक युवक ने बाथरूम में गमछे से फंदा लगा लिया. पुलिसकर्मी आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल, पालीगंज ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र निवासी अजय मांझी (35) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी और एफएसएल की टीम सिगोड़ी थाना पहुंची और घटनास्थल की जांच की.
गश्ती दल को देखकर भागने लगे थे तीनों
पुलिस के अनुसार, अजय मांझी अपने दो साथियों रंजन कुमार, पिता राजू पासवान, निवासी बिजोपुर, थाना महकार, गया और विष्णु दयाल, पिता उदय पंडित, निवासी इब्राहिमपुर, जहानाबाद के साथ स्कॉर्पियो से चिकसी की ओर से आ रहा था. इसी दौरान गश्त कर रही पुलिस की जिप्सी को देखकर तीनों वाहन लेकर भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर तीनों को पालीगंज थाना क्षेत्र में पकड़ लिया और पूछताछ के लिए सिगोड़ी थाना ले आयी.
बकाया राशि को लेकर थाने में दिया था आवेदन
सिगोड़ी थानाध्यक्ष तनिस पायल ने बताया कि चिकसी के ईंट-भट्ठा संचालक श्याम कुमार और शरद कुमार ने अजय मांझी पर बकाया राशि का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित आवेदन दिया था. इसी मामले में तीनों युवकों को पकड़कर थाने के आगंतुक कक्ष में बैठाया गया था.
बाथरूम में गमछे से लगाया फंदा
थानाध्यक्ष तनिस पायल के अनुसार, अजय मांझी बाथरूम गया. वहां उसने गमछे का इस्तेमाल कर फंदा लगा लिया. जानकारी मिलने के बाद पुलिसकर्मी उसे तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, पालीगंज लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
एसएसपी समेत वरीय अधिकारियों ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी वेस्ट एसपी संकेत कुमार और पालीगंज एसडीएम चंदन कुमार सिगोड़ी थाना पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली. एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर विभिन्न बिंदुओं से जांच की और साक्ष्य जुटाये.
पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है. घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. थाना परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं.
परिजनों ने बतायी अलग कहानी
इधर, हिरासत में लिये गये रंजन कुमार और विष्णु दयाल के परिजनों ने बताया कि दोनों की मुलाकात अजय मांझी से कुरवां बाजार में हुई थी. परिजनों के अनुसार, अजय ने दोनों से जहानाबाद घूमने चलने की बात कही थी. उसकी बात मानकर दोनों उसके साथ चले गये. हालांकि, अजय उन्हें जहानाबाद ले जाने के बजाय चिकसी की ओर लेकर चला आया. इसके बाद पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए