PMCH में डेंगू मरीजों के लिए 20 बेड का स्पेशल वार्ड तैयार, राज्यभर में 318 फॉगिंग मशीनें सक्रिय, विभाग ने सभी अस्पतालों को किया अलर्ट

Author Anand tiwari|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
डेंगू अलर्ट: PMCH में विशेष वार्ड, पूरे बिहार में 318...

Pmch dengue alert: पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) ने बरसात के मौसम में डेंगू से निपटने के लिए कमर कस ली है. 20 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया है, जिसमें सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं. स्वास्थ्य विभाग पूरे बिहार में डेंगू की रोकथाम के लिए सतर्क है.

विज्ञापन

Pmch dengue alert: बरसात के मौसम में डेंगू से निपटने को लेकर पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. अस्पताल प्रशासन ने राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक (आरएसबी) में डेंगू मरीजों के लिए 20 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया है. वार्ड में मरीजों की सुरक्षा के लिए मच्छरदानियों सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि डेंगू वार्ड में मरीजों की देखभाल के लिए 24 घंटे चिकित्सकों एवं मेडिकल अटेंडेंट की तैनाती सुनिश्चित की गई है. उन्होंने कहा कि अस्पताल हर मौसम में संभावित स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी के सिद्धांत पर कार्य कर रहा है. साथ ही नए रेडियोलॉजी भवन में आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को त्वरित एवं बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी.

बिहार में 318 फॉगिंग मशीनें सक्रिय

पटना सहित पूरे बिहार में स्वास्थ्य विभाग डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर पूरी सतर्कता बरत रहा है. विभाग द्वारा सभी जिलों में फॉगिंग, मच्छर नियंत्रण, सर्विलांस, जांच एवं उपचार की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है. वर्तमान में राज्यभर में 318 फॉगिंग मशीनें सक्रिय हैं.

सभी जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में एनएस-1, एलाइजा एवं एजीएम एलाइजा जांच किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई हैं. इसके अलावा संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित एंटोमोलॉजिकल सर्विलांस किया जा रहा है. पूरे जुलाई माह में "एंटी-डेंगू माह" के तहत जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है.

समीक्षा बैठक के बाद जारी किए गए निर्देश

स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि डेंगू को लेकर राज्य के सभी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की थी.

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने बरसात के मौसम को देखते हुए सभी जिलों में फॉगिंग, सर्विलांस, जांच एवं उपचार की व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए थे. साथ ही सभी जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में जांच किट, दवाओं एवं आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं.

बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


विज्ञापन
Anand Tiwari

लेखक के बारे में

By Anand Tiwari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन