पटना मेट्रो में आज से बड़ा बदलाव, अब सिर्फ 16 मिनट में मलाही पकड़ी से ISBT पहुंचेंगे यात्री, 35 KM/H की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
रेड लाइन पर पहली बार 35 के रफ्तार से दौड़ेगी मेट्रो
Patna Metro News: पटना मेट्रो अब 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी. मलाही पकड़ी से ISBT तक 16 मिनट में सफर पूरा होगा. शुक्रवार से रोज 24 फेरे लगाएगी मेट्रो.
पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Metro News: पटना मेट्रो के रेड लाइन (प्राथमिक कॉरिडोर) पर अब पहली बार मेट्रो 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. इससे मलाही पकड़ी से ISBT तक का सफर महज 16 मिनट में पूरा होगा. शुक्रवार से इस रूट पर मेट्रो प्रतिदिन 24 फेरे लगाएगी.
आपके शहर में
CMRS ने दी स्पीड बढ़ाने की मंजूरी
पटना मेट्रो ने बताया कि पहले ISBT से भूतनाथ तक मेट्रो 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी. मलाही पकड़ी तक सेवा विस्तार के बाद फेरे की संख्या बनाए रखने के लिए स्पीड बढ़ाने का प्रस्ताव CMRS (Chief Metro Rail Safety) को भेजा गया था. बुधवार को CMRS ने 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से परिचालन की मंजूरी दे दी.
आज शाम से शुरू होगी नई सेवा
मुख्यमंत्री द्वारा मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के उद्घाटन के बाद गुरुवार शाम 4 बजे से आम यात्रियों के लिए मलाही पकड़ी से ISBT के बीच मेट्रो सेवा शुरू होगी. शुक्रवार से यह सेवा रोज सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी.
रेड लाइन की लंबाई 6.107 किलोमीटर
पटना मेट्रो की रेड लाइन की कुल लंबाई 6.107 किलोमीटर है. इसमें भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच करीब 2.5 किलोमीटर लंबे नए सेक्शन पर भी गुरुवार से परिचालन शुरू हो जाएगा. इसके बाद शहर में मेट्रो का दायरा और बढ़ जाएगा.

मलाही पकड़ी स्टेशन पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
मलाही पकड़ी स्टेशन को रेड लाइन का सबसे आधुनिक और आकर्षक स्टेशन बनाया गया है. यहां चार प्रवेश और चार निकास द्वार बनाए गए हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए चार लिफ्ट, चार एस्केलेटर, सीढ़ियां और रैंप की व्यवस्था की गई है. स्टेशन तक मलाही पकड़ी मुख्य सड़क, हनुमान नगर रोड और पाटलिपुत्र स्टेडियम रोड से आसानी से पहुंचा जा सकेगा.
अक्टूबर में शुरू होगा खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन
पटना मेट्रो का खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन अक्टूबर में शुरू होने की संभावना है. यहां कॉरिडोर-1 और कॉरिडोर-2 की मेट्रो ट्रेनें रुकेंगी. स्टेशन पर दोनों कॉरिडोर के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए पांच लिफ्ट, छह एस्केलेटर और दो-दो प्रवेश एवं निकास द्वार तैयार किए जा रहे हैं.
जानिए कितना होगा किराया
पटना मेट्रो के रेड लाइन पर 0 से 3 किलोमीटर तक का किराया 15 रुपये और 3 से 6 किलोमीटर तक का किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है. ऐसे में मलाही पकड़ी से ISBT तक यात्रा करने वाले यात्रियों को 30 रुपये का टिकट लेना होगा.
ALSO READ: पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर दोस्त ने मार दी गोली, पटना में दोस्ती का दर्दनाक अंत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए