पटना में रिटायर्ड पुलिसकर्मी से 25 लाख की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार, हत्या की साजिश भी बेनकाब

Updated:
विज्ञापन

घटना की जानकारी देती पुलिस

Patna Crime News : पटना के फतुहा में मिजोरम पुलिस से सेवानिवृत्त शिवचन्द्र राय से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले मुख्य आरोपी को नदी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जांच में अपहरण और हत्या की साजिश का भी खुलासा हुआ. घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.

विज्ञापन

पटना से एस.के. सिंह की रिपोर्ट
Patna Crime News : नदी थाना पुलिस ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने तथा अपहरण कर हत्या की साजिश रचने के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है. मामले में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

फतुहा एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि जेठूली निवासी शिवचन्द्र राय हाल ही में मिजोरम पुलिस से सेवानिवृत्त हुए हैं. सेवा निवृत्ति के बाद उन्हें करीब एक करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई थी. इसी जानकारी के आधार पर अपराधियों ने उनके परिवार को निशाना बनाते हुए रंगदारी वसूलने की साजिश रची.

बेटे को फोन कर मांगी 25 लाख की रंगदारी

शिवचन्द्र राय के पुत्र राजन कुमार ने नदी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल पर लगातार फोन कर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी. रुपये नहीं देने पर हत्या की धमकी दी जा रही थी और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही थी.

अपहरण कर हत्या की थी योजना

मामला दर्ज होने के बाद थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई. तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी केवल रंगदारी मांगने तक सीमित नहीं थे, बल्कि पीड़ित का अपहरण कर हत्या करने की भी साजिश रच रहे थे.

मोबाइल बरामद, जांच जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेठूली निवासी 39 वर्षीय संजीव कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया. मामले में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है. यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई में पुनपुन अंचल के पुलिस निरीक्षक, नदी थाना के थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, थाना के एसआई विवेक कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया.

Also Read: बिहार में 6715 करोड़ रुपये से बदलेगी गांवों की तस्वीर, नई रोजगार योजना लागू, सरकार ने बताया पूरा रोडमैप

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन