नौबतपुर थाने का ट्रक चालकों ने किया घेराव, चालक से अभद्रता के आरोप पर चार घंटे तक हंगामा

Author Sumit kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
बिहार प्रदेश ट्रक ड्राइवर एसोसिएशन का प्रदर्शन

बिहार प्रदेश ट्रक ड्राइवर एसोसिएशन का प्रदर्शन

नौबतपुर-बिहटा सरमेरा मार्ग पर ट्रक चालकों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नौबतपुर थाने का घेराव किया. चालकों ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई, मारपीट और अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है.

विज्ञापन

Patna truck drivers protest: नौबतपुर-बिहटा सरमेरा मार्ग (एनएच-139) पर सोमवार को बिहार प्रदेश ट्रक ड्राइवर एसोसिएशन के नेतृत्व में ट्रक चालकों ने पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. चालकों ने नौबतपुर थाने का घेराव कर मुख्य गेट पर जमकर नारेबाजी की. करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी के आश्वासन पर मामला शांत हुआ.

प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों का आरोप है कि रविवार को एक ट्रक और ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट का बोर्ड लगी कार के बीच मामूली टक्कर होने के बाद पुलिस ने पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की. पुलिस ने कार को छोड़ दिया, जबकि ट्रक चालक सुनील कुमार को थाने में रखकर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया. चालकों का यह भी आरोप है कि थाने में प्रवेश से पहले चालक की वर्दी उतरवा ली गई.

अवैध वसूली का भी लगाया आरोप

बिहार प्रदेश ट्रक ड्राइवर एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र यादव ने क्षेत्र में ट्रकों से अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन इस मुद्दे को राज्य स्तर पर उठाएगा. उन्होंने बताया कि ट्रक चालकों की समस्याओं को लेकर जल्द ही बिहार के पुलिस महानिदेशक और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा.

थाना प्रभारी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

स्थिति को गंभीर होते देख नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर स्वयं प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे. उन्होंने ट्रक चालकों की समस्याओं को सुना और लिखित शिकायत मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया. थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.


विज्ञापन
Sumit Kumar

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन