क्या कांग्रेस में होगी टूट? दही-चूड़ा भोज के बहाने गरमाई बिहार की राजनीति, सांसद अखिलेश सिंह ने किया क्लियर

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 15 Jan 2026 4:18 PM

विज्ञापन
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद अखिलेश सिंह

Bihar Politics: मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा भोज ने एक बार फिर बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है. कांग्रेस विधायकों की टूट को लेकर चर्चाएं तेज हैं. बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच सियासी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है. इस पर सांसद अखिलेश सिंह ने भी टिप्पणी दी है.

विज्ञापन

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में मकर संक्रांति और दही-चूड़ा भोज का रिश्ता पुराना रहा है. हर साल यह भोज सिर्फ त्योहार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसके जरिए सियासी संकेत भी दिए जाते हैं. इस बार भी दही-चूड़ा भोज ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है. खासकर कांग्रेस विधायकों की टूट को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं.

मकर संक्रांति के मौके पर पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया था. लेकिन इस कार्यक्रम में कांग्रेस का एक भी विधायक शामिल नहीं हुआ. इसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि कांग्रेस के भीतर सबकुछ ठीक नहीं है. कयास लगाए जाने लगे कि पार्टी के विधायक नाराज हैं और वे इधर-उधर जा सकते हैं.

कांग्रेस विधायकों में टूट पर चेतन आनंद क्या बोले?

इसी बीच जदयू विधायक और आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद के बयान ने सियासी माहौल और गर्मा दिया. दही-चूड़ा भोज के दौरान मीडिया से बातचीत में चेतन आनंद ने कहा कि अगर कांग्रेस विधायकों से अच्छे तरीके से बातचीत की जाए तो वे जदयू में आ सकते हैं. उनके इस बयान को कांग्रेस में टूट के संकेत के तौर पर देखा जाने लगा.

कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने क्या कहा?

हालांकि, इन सभी अटकलों को कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह ने सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बिहार कांग्रेस के विधायकों की टूट की अफवाहें बनाना कोई नई बात नहीं है. यह बातें 2020 से लेकर 2025 तक लगातार कही जा रही हैं. उन्होंने कहा कि किसी के चाहने से कांग्रेस में टूट नहीं होने वाली है.

अखिलेश सिंह ने एनडीए नेताओं पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जो भी नेता इस तरह के बयान दे रहे हैं, उन्हें “छपास की बीमारी” है. उन्होंने कहा कि सिर्फ खबरों में बने रहने के लिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं. इसका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है.

कांग्रेस के दही-चूड़ा भोज में नहीं शामिल हुए थे विधायक

कांग्रेस कार्यालय के दही-चूड़ा भोज में विधायकों के शामिल न होने पर भी अखिलेश सिंह ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक 200 से 300 किलोमीटर दूर के इलाकों से आते हैं. कोई भी इतनी दूरी सिर्फ चूड़ा-दही खाने के लिए नहीं आता. इसे नाराजगी से जोड़ना गलत है.

विधायक दल के नेता के चुनाव पर क्या बोले सांसद

कांग्रेस विधायक दल के नेता के चुनाव को लेकर भी सवाल उठे. इस पर अखिलेश सिंह ने कहा कि CLP का चुनाव जल्द हो जाएगा. विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है. सही समय पर फैसला लिया जाएगा. इसमें किसी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं है.

सीएम की समृद्धि यात्रा पर क्या बोले अखिलेश सिंह?

वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा पर भी अखिलेश सिंह ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यात्रा पर निकलना अच्छी बात है. लेकिन बिहार आज भी प्रति व्यक्ति आय के मामले में देश का सबसे पिछड़ा राज्य है. बिहार को समृद्ध बनाने के लिए जमीन पर काम करने की जरूरत है. सिर्फ घूमने से हालात नहीं बदलेंगे.

कुल मिलाकर इस बार का दही-चूड़ा भोज एक बार फिर बिहार की राजनीति में बड़े सियासी संदेश और बयानबाजी का मंच बन गया है. कांग्रेस में टूट की चर्चाओं और उस पर आए जवाबों ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है.

Also Read: Bihar Politics: चिराग के साथ गुफ्तगू करते दिखे सीएम नीतीश, आनंद मोहन के घर भी पकी राजनीतिक खिचड़ी

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन