पीएम 15 को कोसी-मेची लिंक परियोजना का कर सकते हैं शिलान्यास, मंत्रियों ने किया हवाई सर्वेक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को अपने पूर्णिया के कार्यक्रम के दौरान कोसी-मेची लिंक परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं.
– केंद्रीय मंत्रियों के साथ कोसी-मेची लिंक परियोजना को लेकर जल संसाधन मंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण
संवाददाता, पटनाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को अपने पूर्णिया के कार्यक्रम के दौरान कोसी-मेची लिंक परियोजना का शिलान्यास कर सकते हैं. इस परियोजना की जानकारी देने के क्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी के साथ हवाई सर्वेक्षण किया. हवाई सर्वेक्षण के दौरान विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल भी साथ थे. इससे पहले गुरुवार को केंद्र सरकार के दोनों मंत्रियों के पटना आगमन पर पटना एयरपोर्ट के स्टेट हैंगर में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने उनका स्वागत किया. विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कोसी-मेची लिंक परियोजना की विस्तार से जानकारी दी.
इस बैठक में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने केंद्र सरकार के मंत्रियों को बताया कि कोसी-मेची परियोजना से 2.15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता सृजित होगी. बाढ़ अवधि में कोसी नदी के अधिशेष जल को मेची नदी में पहुंचाया जायेगा, वहीं 41 किमी क्षेत्र में पूर्वी मुख्य नहर का पुनरुद्धार और मेची नदी का विस्तारीकरण होगा. इससे बाढ़ के प्रभाव को कम किया जा सकेगा. बैठक में पश्चिमी कोसी नहर पुनर्स्थापन परियोजना और बागमती तटबंध परियोजना पर भी चर्चा हुयी. इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में बाढ़ सुरक्षा का स्तर सुदृढ़ होगा तथा तटबंधों, नहरों और रिंग बांधों की संरचनात्मक मजबूती सुनिश्चित होगी. साथ ही, आपदा के दौरान जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग मिलेगा और सिंचाई प्रणाली के विस्तार से किसानों को पर्याप्त जलापूर्ति प्राप्त होगी, जिससे कृषि उत्पादन में सुधार होगा.बाढ़ के स्थिति की दी जानकारी
पटना स्टेट हैंगर में बैठक के दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बिहार में बाढ़ की मौजूदा स्थिति और उससे उत्पन्न चुनौतियों का विस्तार से उल्लेख किया. राज्य में प्रस्तावित परियोजनाओं की आवश्यकता और महत्व पर बल दिया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादन और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, बाढ़ नियंत्रण के कार्यों में भी सहयोग मिलेगा. जल संसाधन मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर की बाढ़ से हमने महत्वपूर्ण सीख ली है. इस बार विभाग दोगुनी तैयारी के साथ काम कर रहा है. उन्होंने इस बाबत बाढ़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त धन राशि की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता बतायी, ताकि बिहार में बाढ़ नियंत्रण के कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके. इस अवसर पर विभाग के अन्य विभागीय पदाधिकारी और जल शक्ति मंत्रालय के वरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




