पटना में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट से लौटी बाजार की रौनक, शादी के सीजन में ग्राहकों को राहत
सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट
Gold and Silver Price Drop Patna: पटना में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट से बाजार में रौनक लौट आई है. शादी के सीजन में ग्राहकों को आकर्षक ऑफर और राहत मिल रही है.
पटना से आनंद तिवारी की रिपोर्ट
Gold and Silver Price Drop Patna: पटना में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के बाद बाजार में फिर से रौनक लौट आई है. अमेरिका-ईरान तनाव में कमी और समझौतों की अटकलों के बीच कीमती धातुओं के दामों में गिरावट दर्ज की गई है. इससे शादी-ब्याह की तैयारी कर रहे परिवारों को बड़ी राहत मिली है.
आपके शहर में
एक महीने में सोना और चांदी के दाम में बड़ी गिरावट
पिछले एक महीने में सोने के दाम में प्रति 10 ग्राम करीब 13 हजार रुपये की गिरावट आई है. वहीं चांदी की कीमतों (Gold Silver Price) में भी भारी गिरावट देखने को मिली है. पहले जो चांदी लगभग 3 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, वह अब घटकर 2 लाख 22 हजार रुपये प्रति किलो पर आ गई है.
22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के नए रेट
वर्तमान में पटना के बाजार में 22 कैरेट सोना लगभग 1 लाख 34 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1 लाख 11 हजार 200 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बिक रहा है. कीमतों में गिरावट के कारण ग्राहकों की खरीदारी में तेजी देखी जा रही है.
शादी के सीजन में ग्राहकों को मिल रही राहत
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार 19 जून से शादी के शुभ मुहूर्त शुरू हो चुके हैं. जून और जुलाई में कुल 12 प्रमुख विवाह मुहूर्त हैं. ऐसे में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट ने शादी वाले परिवारों के बजट को काफी राहत दी है.
ज्वेलर्स दे रहे आकर्षक ऑफर और छूट
बोरिंग रोड के ज्वेलर्स धीरज कुमार के अनुसार कीमतों में गिरावट के साथ-साथ ग्राहकों को मेकिंग चार्ज में भी छूट दी जा रही है. कई दुकानों पर पुराने आभूषणों पर बेहतर एक्सचेंज ऑफर और कैशबैक की सुविधा भी मिल रही है.
बाजार में बढ़ी खरीदारी और भीड़
कंकड़बाग, बोरिंग रोड, जगदेवपथ, नाला रोड, बाकरगंज और दानापुर जैसे इलाकों में ज्वेलरी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है. लोग पुराने आभूषण बदलकर नए गहने खरीद रहे हैं और ऑफरों का लाभ उठा रहे हैं.
ग्राहकों की प्रतिक्रिया
खरीदारी करने पहुंची सुमन सिन्हा ने बताया कि बेटी की शादी के लिए उन्होंने कीमतों में गिरावट का इंतजार किया और अब गहने खरीद लिए हैं. वहीं सोनम कुमारी ने बताया कि मेकिंग चार्ज और कैशबैक ऑफर से खरीदारी और भी आसान हो गई है. सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट और ज्वेलर्स के ऑफरों ने शादी के सीजन में ग्राहकों को बड़ी राहत दी है.
ALSO READ: बिहार को मिलेगा पहला मॉडल स्कूल, आज मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, पटना साइंस कॉलेज का भी करेंगे दौरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए