बिक्रम में 'पुलिस दीदी अभियान' के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक, आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

Updated:
विज्ञापन
बिक्रम में पुलिस दीदी अभियान का हुआ आयोजन

बिक्रम में पुलिस दीदी अभियान के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक

Patna police didi campaign: पटना के बिक्रम में 'पुलिस दीदी अभियान' ने छात्राओं को महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से बचाव और आत्मरक्षा के गुर सिखाए. पुलिस ने सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी.

विज्ञापन

Patna police didi campaign: पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र स्थित मदनधारी बालिका उच्च विद्यालय, बिक्रम में सोमवार को बिहार पुलिस के 'पुलिस दीदी अभियान' के तहत छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनकी सुरक्षा तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.

कार्यक्रम में बिक्रम थाना की ओर से सब इंस्पेक्टर गुड़िया कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए पुलिस दीदी अभियान की कार्यप्रणाली और महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता संबंधी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है. पुलिस महानिदेशक, बिहार के निर्देश तथा बिहार पुलिस मुख्यालय के कमजोर वर्ग प्रभाग एवं अपराध अनुसंधान विभाग के मार्गदर्शन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं.

अपराध होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील

थानाध्यक्ष प्रभात कुमार एवं सब इंस्पेक्टर गुड़िया कुमारी ने कहा कि बलात्कार, अपहरण, छेड़खानी, घरेलू हिंसा और अन्य प्रकार की प्रताड़ना गंभीर अपराध हैं. ऐसे मामलों में पीड़िताओं को डरकर चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि तत्काल पुलिस, डायल-112 अथवा अन्य हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता लेनी चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी.

आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा उनके कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई. थाना प्रभारी ने छात्राओं से माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, किसी के बहकावे में नहीं आने तथा मोबाइल फोन का सीमित और सुरक्षित उपयोग करने की अपील की.

उन्होंने छात्राओं को एटीएम का पिन अथवा घर की गोपनीय जानकारी किसी अजनबी के साथ साझा नहीं करने की भी सलाह दी. साथ ही साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया.

छात्राओं ने पूछे सवाल, मिला समाधान

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान कराया. विद्यालय प्रशासन ने बिहार पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक बताया. कार्यक्रम के अंत में सब इंस्पेक्टर गुड़िया कुमारी ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में वे बेझिझक पुलिस से संपर्क कर सकती हैं. उन्होंने कहा कि छात्राओं की शिकायत और उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी.


विज्ञापन
Ravi Prakash Bikram

लेखक के बारे में

By Ravi Prakash Bikram

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन