ePaper

Patna News: दीघा गोलंबर के पास बनेगा 55 हजार वर्ग फुट में वेंडिंग जोन, JP Ganga Path गंगा पथ के दुकानदार होंगे शिफ्ट; FOB, पार्किंग सहित मिलेंगी कई सुविधाएं

Updated at : 13 Feb 2026 4:40 AM (IST)
विज्ञापन
वेंडिंग जोन के लिए अटल पथ व रेलवे ब्रिज के बीच प्रस्तावित जगह

वेंडिंग जोन के लिए अटल पथ व रेलवे ब्रिज के बीच प्रस्तावित जगह

Patna News: राजधानी के दीघा गोलंबर के पास 55 हजार वर्गफुट में आधुनिक वेंडिंग जोन (Vending Zone) विकसित किया जा रहा है. यहां फुटओवरब्रिज, पार्किंग, शौचालय, लाइटिंग और शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी. जेपी गंगा पथ के वेंडरों को यहां व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट किया जाएगा. शहर में करीब तीन दर्जन नए वेंडिंग जोन बनाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है और वेंडरों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा.

विज्ञापन

Patna News: पटना नगर निगम की ओर से शहर में करीब तीन दर्जन वेंडिंग जोन (Vending Zone) बनाये जा रहे हैं. इसका मकसद सड़कों को खाली कर वेंडरों को एक जगह व्यवस्थित करना है. इनमें से पांच वेंडिंग जोन को अतिक्रमण मुक्त कर जमीन को विकसित किया जा रहा है. इसके अलावा शहर के विभिन्न अंचलों में जरूरत के अनुसार 32 नये वेंडिंग जोन भी बनाये जा रहे हैं. इससे निगम को भी आय का सृजन होगा.

प्रमुख रूप से दीघा गोलंबर के पास अटल पथ व रेलवे ब्रिज के बीच खाली जमीन पर फिलहाल अवैध अतिक्रमण है. इसे हटाकर एरिया को साफ किया जा रहा है. गुरुवार से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया गया है. करीब 55 हजार वर्गफुट जमीन में मिट्टी भरकर समतल किया जायेगा.ब्यूटिफिकेशन के बाद यहां वेंडरों को शिफ्ट कराया जायेगा. यहां फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, शौचालय, पेयजल, लाइटिंग सहित अन्य सुविधाएं दी जायेंगी.

ये भी पढ़ें: पटना नगर निगम की 10वीं बोर्ड बैठक: 200 करोड़ का Municipal Bond; 375 कचरा वाहन सहित कई प्रस्ताव को मंजूरी

वाहनों की पार्किंग के लिए भी होगी व्यवस्था

जेपी गंगा पथ (JP Ganga Path) पर लग रही दुकानें अवैध रूप से संचालित हो रही थीं. उन्हें यहां व्यवस्थित तरीके से बसाया जायेगा. गंगा पथ पर सड़क किनारे वाहन खड़े होने से अक्सर जाम की समस्या रहती थी.बड़ी संख्या में लोग जेपी गंगा पथ पर शाम के वक्त पहुंचते हैं. बेहतर पार्किंग व्यवस्था मिलने से इस समस्या से राहत मिलेगी. इसके अलावा खटाल गली को भी विकसित किया जा रहा है. वहां भी वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है. जिन्हें दीघा में जगह नहीं मिल पायेगी, उन्हें वहां स्थान दिया जायेगा.

ये भी पढ़ें: राजधानी में 24 नए स्वचालित Traffic Signal लगेंगे, E-Toilet फिर से होंगे शुरू

जंक्शन एरिया भी होगा विकसित व वेंडर होंगे एक जगह शिफ्ट

पटना जंक्शन के आसपास के क्षेत्र को भी विकसित किया जायेगा, क्योंकि दूसरे शहरों से ट्रेन से आने वाले यात्रियों की पहली नजर इसी इलाके पर पड़तीहै. इसलिए इस एरिया को व्यवस्थित और सुंदर बनाया जा रहा है. पुराने मल्टी लेवल पार्किंग के बगल में प्रेस गली को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है. यहां भी वेंडिंग जोन विकसित किया जा रहा है. नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि एमएलसीपी के बगल में जंक्शन एरिया के वेंडरों को शिफ्ट किया जायेगा. इससे सड़क पर जाम की समस्या खत्म होगी. वहीं, जंक्शन के सामने पाल होटल के पास त्रिभुजाकार जमीन पर ब्यूटिफिकेशन का काम चल रहा है. यहां हरियाली के बीच लोग समय बिता सकेंगे.

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित खटाल गली में बन रहा ‘द स्क्वायर स्ट्रीट’ वेंडिंग जोन

द स्क्वायर स्ट्रीट सहित दो अन्य जगह भी वेंडिंग जोन

पाटलिपुत्र अंचल के अंतर्गत खटाल गली को अतिक्रमण मुक्त कर करीब 36 हजार वर्गफुट वर्गाकार जमीन खाली करायी गयी है. इस एरिया का नाम द स्क्वायर स्ट्रीट (the square street) रखा गया है. यहां सीमेंट का पेवर ब्लॉक बिछाया गया है और बैठने के लिए बेंच लगायी गयी हैं. इसके अलावा दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग और आधुनिक लाइटिंग से एरिया को सुंदर बनाया जा रहा है. इसी क्षेत्र में काठपुल मंदिर और मदरसा गली के पास भी वेंडिंग जोन बनाने की तैयारी चल रही है. इसके अलावा तीन सड़कों के कालीकरण का काम भी जारी है.

ये भी पढ़ें: राजधानी की खटाल गली अतिक्रमण मुक्त, 36 हजार वर्ग फुट जगह खाली; बनेगा वेंडिंग जोन

वेंडरों को सरकारी सुविधाओं का भी मिलेगा लाभ

दीघा गोलंबर के पास करीब 55 हजार वर्गफुट जमीन पर आधुनिक वेंडिंग जोन बनाया जा रहा है. यहां जेपी गंगा पथ के वेंडरों को व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने की सुविधा दी जायेगी. शहर के अन्य वेंडिंग जोन में भी वेंडर अपनी सुविधा के अनुसार स्थान ले सकते हैं. वेंडर कार्ड के माध्यम से उन्हें बिहार सरकार की आठ योजनाओं का लाभ भी दिलाया जायेगा. अवैध रूप से सड़क किनारे दुकान लगाने के बजाय यह व्यवस्था वेंडरों के लिए सुरक्षित और बेहतर विकल्प साबित होगी.
– यशपाल मीणा, नगर आयुक्त

ये भी पढ़ें: केवल नाला और स्लम ही नहीं, ट्रांसपोर्ट हब व कॉलोनी भी होगी चकाचक

वेंडरों को दीघा गोलंबर के पास प्रस्तावित शिफ्ट होने का दिया प्रस्ताव्र

जेपी गंगा पथ से हटाये गये फुटपाथी दुकानदारों का धरना बुधवार को भी जारी रहा. इस बीच दुकानदारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम कार्यालय और प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय जाकर अधिकारियों से वार्ता की. बैठक में अध्यक्ष मनीष कांत, सचिव निशांत, रमन कुमार निराला व सोनी देवी सहित अन्य शामिल थे. प्रशासन ने दुकानदारों को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर दीघा गोलंबर के पास अटल पथ और रेलवे लाइन के बीच प्रस्तावित वेंडिंग जोन में शिफ्ट होने का प्रस्ताव दिया है. करीब 280 दुकानदारों को वहां जगह देने की बात कही गयी है.

रमन कुमार निराला ने बताया कि प्रशासन के प्रस्ताव पर सभी दुकानदार रात भर विचार करेंगे और गुरुवार सुबह अंतिम फैसला सुनायेंगे. दुकानदारों की मांग है कि प्रशासन इन तमाम वादों को लिखित रूप में दे.

ये भी पढ़ें: 10 माह में हटाना है 13 लाख टन Legacy Waste, लेकिन RDF उठान बनी सबसे बड़ी चुनौती

विज्ञापन
हिमांशु देव

लेखक के बारे में

By हिमांशु देव

सितंबर 2023 से पटना में प्रभात खबर से जुड़कर प्रिंट और डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. कला, साहित्य-संस्कृति, नगर निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़ी खबरों पर प्रमुखता से काम किया है. महिला, युवा और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना प्राथमिकता में शामिल है. व्यक्तिगत तौर पर किताबें पढ़ना और नई जगहों को एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन