राजगीर क्रिकेट स्टेडियम 31 दिसंबर तक होगा तैयार, मोइनुल हक स्टेडियम भी होगा चकाचक, सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश

Updated:
विज्ञापन
Bihar-CM-Samrat-Choudhary-

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

Rajgir Cricket Stadium: बिहार में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार ने बड़ा खाका तैयार किया है. 5266 खेल मैदानों का निर्माण पूरा हो चुका है. बाकी पंचायतों में भी जल्द मैदान बनाए जाएंगे. राजगीर क्रिकेट स्टेडियम, मोइनुल हक स्टेडियम और डुमरी खेल परिसर की परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.

विज्ञापन

Rajgir Cricket Stadium: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में खेल विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में राज्य में खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने और खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने को लेकर कई निर्देश दिए गए.

समीक्षा के दौरान बताया गया कि बिहार की कुल 8053 ग्राम पंचायतों में से 4700 पंचायतों में 5266 खेल मैदानों का निर्माण पूरा किया जा चुका है. जिन पंचायतों में अब तक खेल मैदान नहीं बन पाए हैं, वहां विकसित भारत-गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन, ग्रामीण (वीबीजीरामजी) के माध्यम से खेल मैदान तैयार किए जाएंगे.

डुमरी खेल परिसर में बनेंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डुमरी खेल परिसर को आधुनिक खेल केंद्र के रूप में विकसित किया जाए. यहां विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बनाए जाएं, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव हो.

राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का काम दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश

बैठक में राजगीर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की प्रगति की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्टेडियम का निर्माण कार्य हर हाल में 31 दिसंबर तक पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि तय समय पर परियोजना पूरी होनी चाहिए ताकि खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को इसका लाभ मिल सके.

मोइनुल हक स्टेडियम के रेनोवेशन में लाई जाए तेजी

मुख्यमंत्री ने पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य को गति देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम आगे बढ़ाया जाए.

उन्होंने यह भी कहा कि स्टेडियम तक पहुंचने के लिए सड़क और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए. बड़े खेल आयोजनों के दौरान लोगों को जाम और भीड़ की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए पहले से ठोस व्यवस्था की जाए.

खेल विश्वविद्यालय में रोजगार आधारित पाठ्यक्रमों पर जोर

मुख्यमंत्री ने बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर में ऐसे पाठ्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया जिनसे छात्रों और खिलाड़ियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें. उन्होंने कहा कि नवाचार और आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर पाठ्यक्रम तैयार किए जाएं.

जिला और प्रखंड स्तर की खेल परियोजनाओं में तेजी

बैठक में जिला स्तरीय खेल भवन-सह-व्यायामशालाओं के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इनके संचालन तथा रखरखाव के लिए पीपीपी मॉडल की संभावनाओं पर काम किया जाए.

इसके साथ ही प्रखंड स्तर पर बन रहे आउटडोर स्टेडियमों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि इनके रखरखाव की स्थायी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए.

पंचायतों में खेल संस्कृति विकसित करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताएं और खेल उत्सव आयोजित किए जाएं. इससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.

उन्होंने पंचायत खेल क्लबों से पुराने खिलाड़ियों, युवाओं और स्थानीय लोगों को जोड़कर खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की बात कही. साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल उपकरण, कोचिंग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन और सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में चरणबद्ध तरीके से विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘मेडल लाओ नौकरी पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों को अधिक से अधिक लाभ दिया जाए और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाए.

बैठक की शुरुआत में खेल विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने विभाग की योजनाओं, खेल अवसंरचना, खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं और भविष्य की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की.

इसे भी पढ़ें: चक्रव्यूह में दीपक प्रकाश, निशाने पर उपेंद्र, चिराग ने खोले पत्ते, अब सबकी नजर राजद पर

7 जून से 11 जून तक बिहार के इन जिलों में जारी रहेगा आंधी-तूफान और बारिश का दौर, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट

विज्ञापन
परितोष शाही

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन