पटना: नशे का विरोध करने पर युवक की कनपटी पर सटायी पिस्टल, मां से मारपीट कर सोने की बाली छीनी
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
पटना के सौढ़ी नगर में नशे का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ा. आरोपी ने युवक की कनपटी पर पिस्टल तान दी और उसकी मां से मारपीट कर सोने की बाली छीन ली. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Patna News : राजधानी पटना के मसौढ़ी नगर क्षेत्र के रहमतगंज में घर के पास नशा करने से मना करने को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट और उसकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. आरोपितों पर युवक की मां के साथ मारपीट कर उसके कान से सोने की बाली छीनने का भी आरोप है. मामले में रहमतगंज निवासी मुन्नी देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है.
गांजा-भांग पीने से मना करने पर विवाद
लिखित शिकायत के अनुसार, घटना रविवार रात की है. मुन्नी देवी ने बताया कि वह अपने घर पर थीं. इसी दौरान पीछे से शोर सुनाई दिया. वह अपने पति के साथ मौके पर पहुंचीं तो देखा कि रहमतगंज निवासी रंजीत कुमार उर्फ बिट्टू कुमार और उसके दो अज्ञात साथी उनके पुत्र दिप्पु कुमार के साथ मारपीट कर रहे थे.
शिकायत के मुताबिक, दिप्पु ने आरोपितों को घर के पास गांजा-भांग का सेवन करने और गाली-गलौज करने से मना किया था. इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ.
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
मुन्नी देवी का आरोप है कि रंजीत कुमार ने उनके बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया. इसके बाद पिस्टल निकालकर उनके पुत्र दिप्पु कुमार की कनपटी पर सटा दी और जान से मारने की धमकी दी. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपित वहां से भाग निकले. इस दौरान महिला के कान से सोने की बाली छीनने और पिस्टल लहराते हुए धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.
मौके से मिले दो कारतूस
महिला ने बताया कि छीना-झपटी के दौरान दो कारतूस मौके पर गिर गये थे. दोनों कारतूस पुलिस को सौंप दिये गये. पुलिस ने मौके से दो कारतूस बरामद किये हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में महिला की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है. पुलिस आरोपितों की भूमिका और घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए