'आप जैसे फटीचर को…', सदन में भड़के डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव, RJD MLC सुनील सिंह से हुई नोकझोंक

सदन में भिड़े बिजेंद्र यादव और सुनील सिंह
Bihar Vidhansabha Monsoon Session: बिहार विधान परिषद के मानसून सत्र के आखिरी दिन उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह के बीच नोकझोंक देखने को मिली. आंखों की रोशनी पर की गई टिप्पणी से नाराज मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद सदन का माहौल गरमा गया.
Bihar Vidhansabha Monsoon Session: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के अंतिम दिन विधान परिषद में जमकर हंगामा देखने को मिला. इस बार विवाद का केंद्र बने उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एमएलसी सुनील कुमार सिंह. दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई, जिसने कुछ देर के लिए सदन का माहौल गर्मा दिया.
सुनील सिंह की टिप्पणी पर भड़के मंत्री
विधान परिषद में बिजेंद्र प्रसाद यादव किसी मुद्दे पर सरकार का पक्ष रख रहे थे. इसी दौरान राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने उनकी आंखों की रोशनी को लेकर टिप्पणी कर दी.
इस टिप्पणी पर मंत्री बिजेंद्र यादव नाराज हो गए. उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आप जैसे फटीचर को मैं कुछ नहीं बोल सकता. इसके बाद उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार से ही राजद पैदा हुआ है.
बहस के दौरान मंत्री ने सुनील सिंह के लिए एक आपत्तिजनक शब्द का भी इस्तेमाल किया, जिससे सदन का माहौल और तनावपूर्ण हो गया.
दोनों पक्षों के बीच हुई तीखी बहस
बिजेंद्र यादव की प्रतिक्रिया के बाद राजद सदस्यों ने विरोध जताया. इसी दौरान जदयू एमएलसी संजय सिंह और राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह के बीच भी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. कुछ देर तक दोनों पक्षों के सदस्य एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे.
हालांकि बाद में सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई, लेकिन इस घटना ने अंतिम दिन की कार्यवाही को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
विधानसभा में भी सुबह से जारी रहा हंगामा
इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही राजद विधायक आलोक मेहता ने जहानाबाद में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कथित फायरिंग का मुद्दा उठाया.
उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर गोली चलाई गई. इस पर भाजपा विधायकों ने कड़ा विरोध किया. सत्ता पक्ष ने कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधियों पर हमला करने वाले लोगों को छात्र नहीं कहा जा सकता. उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की. इसके बाद सदन में हंगामा बढ़ गया और कई विधायक वेल तक पहुंच गए.
आखिरी दिन भी हंगामे की रही चर्चा
मानसून सत्र के अंतिम दिन विधानसभा और विधान परिषद, दोनों सदनों में तीखी राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली. छात्र प्रदर्शन से लेकर नेताओं के बीच व्यक्तिगत टिप्पणियों तक, कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आए. ऐसे में सत्र का आखिरी दिन भी हंगामे और राजनीतिक तल्खी के नाम रहा.
Also Read: बांकीपुर विधानसभा में पटना के कौन-कौन से इलाके आते हैं? वोटिंग से पहले जानिए इस सीट का पूरा समीकरण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










