MLC बनते ही पवन सिंह की डिमांड- बिहार में बने फिल्म सिटी, टैलेंटेड कलाकारों को मिले हुनर दिखाने का मौका
शपथ के बाद पत्रकारों से बातचीत करते पवन सिंह
MLC Pawan Singh: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने बुधवार को बिहार विधान परिषद (MLC) सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. शपथ के बाद उन्होंने कहा- जय भोजपुरी, जय बिहार, साथ ही बिहार में फिल्म सिटी बनाने और उभरते कलाकारों को बेहतर मंच देने की मांग भी उठाई.
MLC Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और गायक पवन सिंह ने बुधवार को बिहार विधान परिषद (MLC) सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. पटना स्थित विधान परिषद एनेक्सी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने सबसे पहले शपथ ली. शपथ के बाद पवन सिंह का बयान सबसे ज्यादा चर्चा में है. उन्होंने खुद को पहले कलाकार बताते हुए बिहार में फिल्म सिटी बनाने की मांग उठाई और कहा कि राज्य के उभरते कलाकारों को बेहतर मंच मिलना चाहिए.
आपके शहर में
सबसे पहले पवन सिंह ने ली शपथ
बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर निर्विरोध चुने गए सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने बुधवार को शपथ ली. शपथ ग्रहण की शुरुआत पवन सिंह से हुई. उनके बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, बीजेपी नेता संजय मयूख, सुनील कुमार सिंह समेत अन्य सदस्यों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. ये सभी उम्मीदवार 11 जून को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए थे.
शपथ के बाद पवन सिंह ने क्या कहा?
शपथ लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत में पवन सिंह ने कहा कि मैं यही बोलूंगा- जय भोजपुरी, जय बिहार. मैं एक कलाकार हूं और कलाकार के नाते यही चाहूंगा कि अपनी एक्टिंग और काम जारी रखूं. बिहार में फिल्म सिटी बने. हमारे नए-नए लड़के जो गाना गा रहे हैं, एक्टिंग कर रहे हैं, उन्हें एक अच्छा प्लेटफॉर्म मिले.
उन्होंने संकेत दिया कि राजनीति में आने के बावजूद कला और भोजपुरी सिनेमा से उनका जुड़ाव पहले की तरह बना रहेगा. साथ ही उन्होंने राज्य में फिल्म इंडस्ट्री के विकास को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया.
फिल्म सिटी की मांग क्यों अहम?
पवन सिंह लंबे समय से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा चेहरा रहे हैं. उनका कहना है कि यदि बिहार में फिल्म सिटी विकसित होती है तो स्थानीय कलाकारों, गायकों और तकनीशियनों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. साथ ही राज्य के युवाओं को अपने हुनर को दिखाने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा.
शपथ समारोह में सत्ता और विपक्ष के दिग्गज रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. समारोह के दौरान सत्ता और विपक्ष के नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी. विशेष रूप से विजय चौधरी के बगल में बैठे तेजस्वी यादव की तस्वीरों ने लोगों का ध्यान खींचा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
10 सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए
हाल ही में बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई थी. इन सभी सीटों पर जितने उम्मीदवार थे, उतने ही नामांकन दाखिल हुए. ऐसे में सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए. इनमें भाजपा और जदयू के चार-चार, जबकि राजद और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं.
संजय मयूख ने जताया नेतृत्व का आभार
बीजेपी नेता संजय मयूख ने भी MLC पद की शपथ लेने के बाद पार्टी नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे.
Also Read: पवन सिंह, निशांत समेत 10 सदस्यों ने ली MLC पद की शपथ, 20 दिन पहले हुए थे निर्विरोध निर्वाचित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए