Bihar Breaking News LIVE: वैशाली में पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला, छपरा में ज्वेलर्स दुकान को लूटा
Bihar Breaking News LIVE: बिहार की राजनीति में मुकेश सहनी के कारण बड़ा बवाल हुआ है. वहीं भागलपुर में संदिग्ध हालत में एक और मौत हुइ है. 14 ट्रेनों का रूट चेंज किया गया. ऐसी तमाम खबरें पढ़ें prabhatkhabar.com के Breaking News में..
शराब के साथ कार जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
नुआंव. सोमवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर नुआंव पुलिस ने नुआंव- रामगढ़ पथ पर गर्रा गांव के समीप कार से 545 बोतल शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. थानाध्यक्ष सुनीत कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गये धंधेबाजों में प्रिंस कुमार पिता स्वर्गीय रामचंद्र सिंह रोहतास जिले के शिवसागर थाना अंतर्गत कोनार गांव का रहने वाला है. जबकि, दूसरा धंधेबाज राकेश यादव पिता जितेंद्र यादव मोहनिया थाना क्षेत्र के कटराकलां गांव का रहने वाला है.
छात्र फेडरेशन ने पटना में डाक बंगला चौराहा को किया बंद
केंद्रीय श्रमिक संगठनों के अह्वान पर दो दिवसीय आम हड़ताल के आज पहले दिन भारत का छात्र फेडरेशन ने राज्य सचिव मुकुल राज के नेतृत्व में आम हड़ताल का समर्थन किया. इस दौरान पटना में डाक बंगला चौराहा को बंद किया. एसएफआई के राज्य सचिव मुकुल राज ने कहा कि मोदी सरकार श्रम कानूनों में संशोधन कर श्रमिक वर्ग का शोषण करना चाहती है. केंद्र सरकार लगातार कॉरपोरेट परस्त नीतियां देश पर थोप रही है.
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के दो दिवसीय हड़ताल का पहला दिन सफल रहा
पटना. केंद्रीय ट्रेड यूनियनों तथा विभिन्न जन संगठनों द्वारा दो दिवसीय हड़ताल का पहला दिन सोमवार काे सफल रहा.हड़ताल को सफल बनाने के लिए जमाल रोड स्थित कार्यालय से जुलूस निकाला गया, जो डाक बंगला चौक आकर सभा में तब्दील हो गया. मार्च में सीपीआइएम के राज्य सचिव ललन चौधरी, पटना जिला सचिव मनोज कुमार चंद्रवंशी, अहमद अली, सीटू के अध्यक्ष दीपक भट्टाचार्य, गणेश शंकर सिंह, शंकर शाह, देवाशीष, नाथून जमादार, भोला दिवाकर, देवेंद्र चौरसिया, मुकुल राज, रजनीश कुमार, गोपाल शर्मा, भोला शर्मा, सोने लाल प्रसाद, चुन्नू सिंह सहित अन्य मौजूद थे. एलआइसी के सभी शाखाओं के अलावा डाक बंगला चौक में सीपीआइएम के विधायक डॉ सत्येंद्र यादव ने सभा को संबोधित किया.
बिजली पोल से टकरायी बाइक, सवार की मौत
साहेबपुरकमाल. कुरहा चौकी पथ में चौकी पावर हाउस के समीप अनियंत्रित बाइक की बिजली पोल में टक्कर हो जाने से बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान साहेबपुरकमाल पश्चिम पंचायत के नव टोलिया गांव निवासी महेश्वर यादव का 19 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है. बताया जाता है कि राजेश सोमवार की सुबह करीब 10 बजे मोटरसाइकिल से चौकी की ओर जा रहा था. रास्ते में बाइक पर संतुलन खो देने के कारण बाइक सड़क किनारे एक पोल से टकरा गयी.
वैशाली मे पुलिस पर हमला
वैशाली के देसरी के तैयबपुर में शराब बिक्री की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. ग्रामीणों द्वारा किये गए हमले में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी.
छपरा में अपराधियों ने ज्वेलर्स को लूटा
छपरा के पीएन ज्वेलर्स में 6 अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने हथियार के बल पर इस घटना को अंजाम दिया, लूट के दौरान अपराधियों ने शो रूम में दो गोली भी चलाई. घटना स्थल पर पहुंचे एसपी, पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए