ePaper

विधायक रहते पूछते थे तीखे सवाल, मंत्री बनते ही नहीं दे पा रहे जवाब, सदन में घिर जा रहे राजस्व मंत्री

Updated at : 19 Mar 2025 1:33 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar Budget 2025

Bihar Budget 2025

Bihar Assembly: राजस्व मंत्री संजय सरावगी के बयान पर भाजपा सदस्य नवल किशोर यादव ने सभापति से कहा कि अगर इस तरह से होते रहा तो उत्तर कबूतर की तरह उड़ जायेगा.

विज्ञापन

Bihar Assembly: पटना. भाजपा नेता संजय सरावगी जब तक विधायक रहे, इनके सवालों से सरकार असहज होते रही. मंत्रियों को घेरने का कोई भी मौका ये नहीं चूकते थे. संजय सरावगी अब मंत्री हैं, जवाब देने में बार-बार घिर जा रहे. बुधवार को एक बार फिर विधान परिषद में सत्ता पक्ष के सदस्यों ने ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री संजय सरावगी को जबरदस्त रूप से घेर लिया. मंत्री जी को जवाब देते नहीं बन रहा था.

दो सीओ के सवाल पर घिर गए मंत्री

बिहार विधान परिषद में बुधवार को पटना जिले के दो अंचल अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठी. सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने बिहटा और संपतचक अंचल के अंचल अधिकारियों के खिलाफ सवाल उठाया. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री संजय सरावगी ने जवाब दिया कि हमने डीएम पटना को पत्र भेजा है कि दोनों अंचल अधिकारियों से शो-कॉज पूछ कर अपने मंतव्य के साथ रिपोर्ट भेजें. इसके बाद विभाग समीक्षा करेगा. इससे कम समय में सरकार और क्या कार्रवाई कर सकती है.

नवल किशोर यादव ने मंत्री को घेरा

विधान पार्षद में भाजपा के नवल किशोर यादव ने कहा कि मंत्री जी यह बताएं, पंद्रह दिन पहले आपको सवाल गया. आपने इन्क्वायरी सेटअप क्यों नहीं किया. जब जवाब देने का समय आया उसके एक दिन पहले आपने जांच बिठाई है. आपका रिपोर्ट जिस दिन आयेगा, तब सदन में जवाब दें. हम सभापति से अनुरोध करेंगे कि इस सवाल को स्थगित किया जाए. जिस दिन मंत्री तय करेंगे कि हम जवाब देंगे, उस दिन इस सवाल को रखा जाय.

सभापति ने सदस्य के पक्ष में दी व्यवस्था

अपने ही दल के सदस्यों से घिरे मंत्री ने असहजतापूर्ण परिस्थिति में कहा,”प्रश्न को स्थगित करने का प्रश्न कहां है. हम तो स्पष्ट जवाब दे रहे हैं.” भाजपा सदस्य नवल किशोर यादव ने सभापति से कहा कि अगर इस तरह से होते रहा तो उत्तर कबूतर की तरह उड़ जायेगा. सभापति ने नवल किशोर यादव का अनुरोध स्वीकार करते हुए राजस्व मंत्री से कहा कि जिस दिन रिपोर्ट आ जायेगा, उस दिन आप सदन को जानकारी दे देंगे.

Also Read: Bihar Jobs: बिहार सरकार को नहीं मिल रहे कॉलेजों के लिए प्रिंसिपल, 173 पदों के लिए आये केवल 156 अभ्यर्थी

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन