मनेर में साइबर ठगी का मामला, जन्मतिथि पूछकर खाते से उड़ा लिए 6.78 लाख रुपये, साइबर थाने में शिकायत दर्ज

Updated:
विज्ञापन
Featured Image

Patna Cyber Crime: पटना जिले में एक व्यक्ति बैंक मैनेजर बनकर किए गए फोन कॉल का शिकार हुआ. अपराधियों ने जन्मतिथि पूछकर उनके खातों से करीब 6.78 लाख रुपये निकाल लिए. यह मामला साइबर ठगी के नए तरीकों को उजागर करता है.

विज्ञापन

Patna Cyber Crime: पटना जिले के मनेर नगर परिषद क्षेत्र के दरगाह रोड चारहजार मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति साइबर अपराधियों की ठगी का शिकार हो गए. साइबर अपराधियों ने खुद को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का प्रबंधक बताकर फोन किया और जन्मतिथि की जानकारी हासिल करने के बाद उनके बैंक खातों से करीब 6.78 लाख रुपये की निकासी कर ली. पीड़ित ने साइबर थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है.

जानकारी के अनुसार, दरगाह रोड चारहजार मोहल्ला निवासी ललन कुमार के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का प्रबंधक बताया और खाते के सत्यापन के नाम पर उनकी जन्मतिथि पूछी. ललन कुमार ने जैसे ही अपनी जन्मतिथि बताई, कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे निकासी के कई संदेश आने लगे.

दो खातों से निकाले गए 6.78 लाख रुपये

पीड़ित ने बताया कि उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों से कुल 6 लाख 78 हजार 453 रुपये की निकासी कर ली गई. खाते से पैसे निकलने के सात अलग-अलग संदेश उनके मोबाइल फोन पर प्राप्त हुए. अचानक इतनी बड़ी राशि की निकासी होने के बाद वह काफी परेशान हो गए और तत्काल अपने खातों की जांच की.

साइबर थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद पीड़ित ललन कुमार ने साइबर थाने में फोन कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने बैंक प्रबंधक होने का दावा किया था, जिसके कारण उन्होंने उस पर भरोसा कर अपनी जन्मतिथि साझा कर दी. इसके कुछ ही मिनटों के भीतर उनके खातों से लाखों रुपये निकाल लिए गए.

सतर्क रहने की जरूरत

यह मामला एक बार फिर साइबर अपराधियों के नए तरीकों को उजागर करता है. बैंक से जुड़े किसी भी व्यक्ति के नाम पर आने वाले कॉल पर व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है. बैंक कभी भी फोन पर ग्राहकों से संवेदनशील जानकारी नहीं मांगते हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और साइबर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.


विज्ञापन
Suaib Khan Maner

लेखक के बारे में

By Suaib Khan Maner

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन