ePaper

बिहार में बाढ़ से 4 और लोगों की मौत, 34.69 लाख आबादी प्रभावित

Updated at : 27 Aug 2016 8:45 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार में बाढ़ से 4 और लोगों की मौत, 34.69 लाख आबादी प्रभावित

पटना : बिहार में गंगा सहित अन्य नदियों में हाल में आयी बाढ़ से पिछले 24 घंटे के दौरान 4 और लोगों की मौत होने के साथ 34.69 लाख आबादी प्रभावित है. बिहार आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक हाल में आयी बाढ़ से पिछले 24 घंटे के दौरान 4 और लोगों की […]

विज्ञापन

पटना : बिहार में गंगा सहित अन्य नदियों में हाल में आयी बाढ़ से पिछले 24 घंटे के दौरान 4 और लोगों की मौत होने के साथ 34.69 लाख आबादी प्रभावित है. बिहार आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक हाल में आयी बाढ़ से पिछले 24 घंटे के दौरान 4 और लोगों की मौत के साथ इससे मरने वालों की संख्या अब 55 हो गयी है. पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार में बाढ़ से भोजपुर और बेगूसराय जिला में दो-दो व्यक्ति की मौत हो गयी है. हाल में आयी बाढ़ से कुल 55 लोगों की मौत हो गयी है जिनमें भोजपुर जिला में 15, बेगूसराय में 9, समस्तीपुर में 8, वैशाली में 7, सारण में 5, लखीसराय एवं खगड़िया में तीन-तीन, भागलपुर में 2 और पटना, बक्सर एवं मुंगेर जिला में एक..एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है.

अबतक 152 लोगों की गयी जान

उल्लेखनीय है कि इस मौसम में दो चरणों में अब तक आयी बाढ़ से प्रदेश के कुल 24 जिला की 68.30 लाख आबादी प्रभावित हुई और अब तक कुल 152 लोगों की जान जा चुकी है. बिहार में इन दिनों गंगा नदी के बढ़े हुए जल स्तर एवं तेज जल प्रवाह के कारण इस नदी के किनारे अवस्थित जिलों यथा बक्सर, भोजपुर, पटना, वैशाली, सारण, बेगूसराय, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर एवं कटिहार जिलों में कमोबेस बाढ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. पटना, वैशाली, भोजपुर एवं सारण जिला के दियारा क्षेत्र :नदी किनारे वाले इलाके: बाढ़ से अधिक प्रभावित हैं.

4.97 लाख लोगों को बचाया गया

इन 12 जिलों की 34.69 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है जिनमें से 4.97 लाख लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है तथा इनमें 2.66 लाख लोग सरकार द्वारा चलाए जा रहे 544 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं. बिहार में फिर से आई बाढ़ से प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है. प्रभावित लोगों को दियारा क्षेत्र से सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में लाया जा रहा है, जहां उनके लिए पका हुआ भोजन, पीने का पानी, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वास्थ्य जांच, जरुरी दवाएं, साफ-सफाई एवं प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है. बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने के लिए 2571 नावें परिचालित की जा रही हैं तथा एन0डी0आर0एफ और एस0डी0आर0एफ0 की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं.

नदियों का जल स्तर

केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त आंकडों के मुताबिक आज सुबह 6 बजे गंगा नदी का जल स्तर बिहार के कहलगांव में इस मौसम में अपने उच्चतम स्तर :32.82 मीटर: रहा. गंगा नदी आज सुबह 6 बजे बक्सर जिला में 61.24 मीटर, पटना जिला के दीघाघाट में 51.50 मीटर, गांधीघाट में 49.95 मीटर, हाथीदह में 42.97 मीटर, मुंगेर 40.03 मीटर, भागलपुर 34.71 मीटर और कहलगांव में 32.82 मीटर रहा. आज प्रात: 6 बजे गंगा नदी का जलस्तर बक्सर, दीघाघाट, गांधीघाट, हाथीदह, मुंगेर, भागलपुर और कहलगांव में खतरे के निशान से क्रमश: 92 सेमी, 105 सेमी, 135 सेमी, 120 सेमी, 70 सेमी, 103 सेमी और 173 सेमी ऊपर था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन