पटना : आठवीं में पढ़ायी जायेगी मौलाना अबुल कलाम आजाद की जीवनी : मुख्यमंत्री नीतीश

Updated at : 12 Nov 2019 8:37 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : आठवीं में पढ़ायी जायेगी मौलाना अबुल कलाम आजाद की जीवनी : मुख्यमंत्री नीतीश

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जीवनी आठवीं कक्षा में पढ़ायी जायेगी. उनकी जीवनी को सामाजिक विज्ञान विषय के कोर्स में शामिल किया जायेगा. उनकी जीवनी बच्चों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें जवाबदेह नागरिक बनाने में मददगार साबित होगी. मुख्यमंत्री […]

विज्ञापन

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी और देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जीवनी आठवीं कक्षा में पढ़ायी जायेगी. उनकी जीवनी को सामाजिक विज्ञान विषय के कोर्स में शामिल किया जायेगा. उनकी जीवनी बच्चों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें जवाबदेह नागरिक बनाने में मददगार साबित होगी.

मुख्यमंत्री ने सोमवार को ज्ञान भवन में आयोजित शिक्षा दिवस समारोह में ख्यातिप्राप्त गणित के शिक्षक प्रो केसी सिन्हा और प्रतिष्ठित समाजसेवी प्रेम वर्मा को राज्य का सर्वोच्च शिक्षा सम्मान मौलाना अबुल कलाम आजाद शिक्षा पुरस्कार प्रदान किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि रिटायर्ड होने के बाद भी जिस तरह प्रेम वर्मा ने कमजोर वर्ग के बच्चों की शैक्षणिक बेहतरी के लिए काम किया है, वह अनुकरणीय है.

मैं भी मानता हूं कि 60 साल की उम्र में काम करने के लिए भरपूर ऊर्जा रहती है, इसलिए सरकारी नौकरियों में अवकाशप्राप्त करने की उम्रसीमा बढ़ायी जानी चाहिए. उन्होंने शिक्षकों की नाराजगी के प्रति इशारा करते हुए कहा कि इन दिनों शिक्षक न जाने क्या- क्या बोलते दिख रहे हैं, लेकिन मैं पूरी जिम्मेदारी से बताना चाहता हूं कि हमने अच्छी संख्या में नियोजन किया है.

आगे भी हमारी सरकार शिक्षकों और शिक्षा की बेहतरी के लिए काम करती रहेगी. उन्होंने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के जरिये ग्रेजुएट करने के लिए भी विद्यार्थी लोन ले सकता है. समारोह में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा शिक्षक महज वेतनभाेगी कर्मचारी ही नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माता भी हैं. स्कूल में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि हमें इस तरह का सिस्टम विकसित करना चाहिए, जिससे शिक्षकों की अनुपस्थिति का पता लगाया जा सके. इस तरह के सिस्टम में शिक्षकों से उनके स्कूल में उपस्थित होने की सेल्फी भी मांगी जा सकती है.

शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन वर्मा ने कहा कि मौलाना आजाद के सपनों को साकार करना हमारी जिम्मेदारी है. इसलिए जरूरी है कि आजाद के जीवन से प्रेरणा ली जाये. समारोह में स्वागत भाषण शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आरके महाजन ने दिया. समारोह के अंत में बिहार शिक्षा परियोजना के निदेशक संजय सिंह ने आभार व्यक्त किया.

नयी पीढ़ी को मौलाना की कृति से कराया जायेगा अवगत

मौलाना आजाद की जयंती को शिक्षा दिवस के रूप में मनाने की प्रासंगिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मौलाना सही मायने में हिंदू-मुस्लिम एकता और स्त्री शिक्षा के महान पक्षधर थे. उन्हीं की प्रेरणा पर भारत-पाक बंटवारे के दौरान तमाम मुस्लिम भारत में ही रह गये.

नयी पीढ़ी को उनके इस तरह के कृतित्व से जरूर परिचित होना चाहिए. मौलाना के रास्ते पर चल कर समाज में भाईचारा स्थापित किया जा सकता है. यही भाईचारा उनके लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने आगाह किया कि इन दिनों निजी रंजिश को सामाजिक झगड़ा बताकर लड़ाने की कोशिश की जा रही हैं. इससे सावधान रहना होगा.

सीएम बोले, 60 वर्ष में काम करने की भरपूर ऊर्जा होती है इसलिए नौकरियों में रिटायरमेंट की उम्रसीमा बढ़नी चाहिए

एससी-एसटी के लंबित मामलों का निबटारा जल्द करें

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राज्य में एससी-एसटी के जितने भी मामले लंबित पड़े हुए हैं, उनका निबटारा जल्द- से- जल्द कराया जाये. इसके लिए व्यापक अभियान चलाया जाये. ऐसे मामलों की थानावार समीक्षा कर यह पता करें कि कहां, कितने मामले लंबित पड़े हैं. इसके बाद इनका निबटारा तेजी से करायें. मुख्यमंत्री ने डीजीपी को थानावार लंबित पड़े ऐसे मामलों की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन