पटना : बगल के फ्लैटों में ताला लगा कर भागे चोर

Updated at : 05 Nov 2019 8:48 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : बगल के फ्लैटों में ताला लगा कर भागे चोर

हनुमान नगर में हुई घटना, छठ पूजा को लेकर गांव गये थे परिवार के कई सदस्य पटना : हनुमान नगर जनक दुलारी हॉस्पीटल के समीप के सेक्टर मकान संख्या 129 में पारितोष सिन्हा के तीन मंजिले मकान में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोर अगल-बगल के फ्लैटों में बाहर से ताला मार […]

विज्ञापन
हनुमान नगर में हुई घटना, छठ पूजा को लेकर गांव गये थे परिवार के कई सदस्य
पटना : हनुमान नगर जनक दुलारी हॉस्पीटल के समीप के सेक्टर मकान संख्या 129 में पारितोष सिन्हा के तीन मंजिले मकान में चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोर अगल-बगल के फ्लैटों में बाहर से ताला मार कर फरार हो गये. रविवार की देर रात हुई इस घटना की जानकारी सोमवार की सुबह तब हुई, जब अन्य फ्लैटों में रहने वाले पारितोष सिन्हा के परिजन सो कर उठे.
बाहर से ताला बंद होने के कारण दरवाजा नहीं खुला तो हो-हल्ला कर किरायेदारों को उठाया. इसके बाद ताला तोड़ा गया, तब परिवार के लोग बाहर आये. देखा तो पारितोष के फ्लैट का सारा सामान बिखरा पड़ा था और आलमीरा का लॉक टूटा था. घटना की जानकारी मिलने पर नालंदा के नूरसराय स्थित पैतृक आवास से सभी वापस घर लौट गये और पुलिस को सूचना दिया. पुलिस पहुंची और मामले की जांच की. डॉग स्कवॉयड व एफएसएल की टीम ने भी जांच की.
छठ पूजा को लेकर पांचों भाई गये थे नालंदा स्थित पैतृक घर : मकान मालिक पांचों भाई प्रवीण कुमार, पंकज कुमार, ऋषिकेश कुमार, पारितोष कुमार व प्रशांत कुमार एक साथ ही छठ पूजा करने के लिए एक नवंबर को अपने नालंदा के नूरसराय के बृजपुर स्थित गांव चले गये थे. मकान में केवल दो भाइयों की पत्नियां व उनके बच्चे अपने-अपने फ्लैट में सुरक्षा कारणों से रुक गये थे. लेकिन चोरी के दौरान किसी को भी भनक नहीं लगी.
ड्रेसिंग टेबल के शीशे पर लिखा भाभी जी अच्छी हैं और भैया….
चोर अपने साथ लिपस्टिक भी लाये थे. चोरी करने के बाद उन लोगों ने ड्रेसिंग टेबल के शीशे पर यह लिखा कि भाभी जी अच्छी हैं और भैया…. और फिर भाभी जी धन्यवाद लिख कर फरार हो गये.
निचले तल्ले से पहले तल्ले तक सात जगहों पर लगे हुए थे ताले, उन सभी को चोरों ने कटर से काट दिया
अपार्टमेंट से कुछ दूरी पर पत्रकार नगर थाना
दीगर बात यह है कि जिस मकान में चोरी की घटना हुई है, उससे कुछ दूरी पर ही पत्रकार नगर थाना है. पुणे में निजी कंपनी में कार्यरत प्रवीण कुमार ने बताया कि 60 लाख से अधिक के गहने व अन्य कीमती सामानों की चोरी हुई है. सारे गहने पांचों भाइयों के थे. फिलहाल आपस में बंटवारा नहीं हुआ है, इसलिए एक साथ ही फ्लैट में रखे हुए थे.
उन्होंने बताया कि डिजिटल लॉकर का लॉक नहीं खुला तो उसे भी अपने साथ ले गये. निचले तल्ले से लेकर पहले तल्ले तक सात जगहों पर ताला लगा हुआ था, जिसे भी उन लोगों ने कटर से काट दिया. इधर, पारितोष कुमार के बयान के आधार पर पत्रकार नगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और चोरी की घटनाओं को सुलझाने के लिए एक विशेष टीम का भी गठन कर दिया गया है. डीएसपी सदर ने बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है.
गश्ती धीमी होने का चोरों ने उठाया फायदा
छठ पूजा को लेकर सारी पुलिस फोर्स ड्यूटी में चार दिनों से लगातार लगी हुई थी. पूजा रविवार की सुबह खत्म हो गयी और सुरक्षा व्यवस्था को घाट से लेकर शहर के अंदर तक सीमित कर दिया गया था. जिसके कारण पुलिस की गश्ती धीमी हो गयी थी और लोग भी अपने-अपने घरों में ही थे. जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने घटना को अंजाम दिया.
चोरों ने चार लाख के गहने व 65 हजार नकद चुराया
पटना : पाटलिपुत्र थाने के अल्पना मार्केट के समीप वजीर अपार्टमेंट में बिल्डर के कार्यालय के साथ ही दवा व्यवसायी जय कुमार के फ्लैट को भी चोरों ने निशाना बनाया. चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ कर चार लाख के गहने व 65 हजार नकद चुरा लिया. जय कुमार का फ्लैट जी 4 में हैं.
वे छठ पूजा को लेकर अपने पैतृक गांव भागलपुर गये थे. सोमवार की शाम जब लौटे तो चोरी होने की जानकारी मिली. उन्होंने घटना की जानकारी पाटलिपुत्र पुलिस को दिया है. चोरों ने फ्लैट के एक-एक कमरे को खंगाल दिया था और आलमीरा का लॉक तोड़ कर गहने व नकद लेकर निकल गये.
रिटायर्ड कर्मचारी के आवास में चोरी
पटना : राजीव नगर थाने के रोड नंबर नौ बी में रहने वाले बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मी सुरेश्वर शर्मा के घर से चोरों ने लाखों के गहने व नकद चुरा लिया. यह घटना एक नवंबर की रात की है. घटना की जानकारी मिलने पर सुरेश्वर शर्मा व उनके अन्य परिजन पहुंचे और राजीव नगर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी. वे छठ पूजा को लेकर अपने पैतृक गांव गये हुए थे.
रियल एस्टेट कार्यालय से तीन लाख से अधिक का सामान उठा ले गये चोर
पटना : पाटलिपुत्र थाने के अल्पना मार्केट के समीप वजीर अपार्टमेंट में ग्राउंड फ्लोर के जी-3 में स्थित टेलीकॉम इंफ्रास्ट्रक्चर व रियल एस्टेट की कंपनी राशि इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय से चोरों ने लाखों रुपये का कीमती सामान चुरा लिया. चोरों ने कार्यालय से एक लाख नकद, कई सोने व चांदी के सिक्के, क्रॉकरी का सामान, एक्वेरियम आदि गायब कर दिया. इन सारे सामानों की कीमत तीन लाख से अधिक बतायी जाती है. खास बात यह है कि नकद रुपया खोजने के चक्कर में चोरों ने सोफा को भी काट डाला.
घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब कार्यालय का चपरासी छठ पूजा के बाद कार्यालय खोलने के लिए सोमवार को पहुंचा. उसने देखा कि ताला टूटा हुआ है और कार्यालय के अंदर सारे सामान बिखरे पड़े है. इसके बाद उसने कंपनी के एमडी व बिल्डर राजीव रंजन को पूरे मामले की जानकारी दी. घटना के बाद राजीव रंजन पहुंचे और पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची.
पीछे के रास्ते से घुसे चोर : चोर अपार्टमेंट के पीछे के रास्ते से कार्यालय के गेट का ताला तोड़ कर अंदर प्रवेश कर गये और घटना को अंजाम देकर निकल गये. अपार्टमेंट के गार्ड को इसकी भनक तक नहीं लगी. बिल्डर राजीव रंजन ने बताया कि छठ पूजा को लेकर दो दिन कार्यालय बंद था. सोमवार को चपरासी साफ-सफाई करने पहुंचा तो चोरी होने की जानकारी मिली.
रिटायर्ड इंजीनियर के घर से सात लाख के गहने और कीमती सामान गायब
पटना : राजीव नगर थाने के रोड नंबर 18 सी में रिटायर्ड इंजीनियर जगदीश प्रसाद श्रीवास्तव के घर से चोरों ने सात लाख के गहने व कीमती सामान चुरा लिया. जगदीश प्रसाद मूल रूप से सीवान के मैरवा के रहने वाले हैं और छठ पूजा में शामिल होने के लिए अपने पूरे परिवार के साथ गये थे.
टूटा पड़ा था हर कमरे का ताला : सोमवार को जब वे वापस लौटे तो पाया कि घर के मेन गेट के साथ ही हर कमरे का ताला टूटा पड़ा है और सामान इधर-उधर बिखरा है. इसके साथ ही आलमारी भी खुली पड़ी थी और उसमें रखे गहने व अन्य कीमती सामान भी गायब थे. जगदीश प्रसाद ने इस घटना की जानकारी राजीव नगर थाना पुलिस को दी है. वे रंजीत सिंह के मकान में कई सालों से किराये पर रहते आ रहे हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन