Watch Video: पटना यूनिवर्सिटी कैंपस में सुतली बम से धमाका, डबल डेकर पुल से फेंका गया बम; FSL जांच शुरू
पटना विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षक दिवस के दिन बम फेंके जाने से अफरातफरी मच गई। डबल डेकर पुल के ऊपर से फेंके गए सुतली बम की आवाज से छात्र सहम गए। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Patna University Bomb Blast : शिक्षक दिवस के मौके पर जहां पूरे देश में शिक्षकों के सम्मान का कार्यक्रम चल रहा था, वहीं पटना विश्वविद्यालय परिसर में सुतली बम फेंके जाने से अफरातफरी मच गई. बताया जा रहा है कि अशोक राजपथ स्थित डबल डेकर पुल के ऊपर से किसी शरारती तत्व ने पटना विश्वविद्यालय के भूगोल और मनोविज्ञान विभाग के बीच स्थित कैंपस में सुतली बम फेंका. तेज आवाज और धुएं के साथ हुए विस्फोट से कुछ देर के लिए परिसर में हड़कंप मच गया.
आपके शहर में
डबल डेकर पुल से कैंपस में फेंका गया बम
घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास की स्थिति की जानकारी ली. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बम डबल डेकर पुल के ऊपर से विश्वविद्यालय परिसर में फेंका गया था. घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने मामले की जांच के लिए FSL टीम को मौके पर बुलाया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और विस्फोट से जुड़े साक्ष्य जुटाए. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बम किसने फेंका और घटना के पीछे उसकी क्या मंशा थी.
CCTV फुटेज से बम फेंकने वाले की तलाश
घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस फुटेज के जरिए डबल डेकर पुल के आसपास की गतिविधियों की जांच कर रही है, ताकि बम फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना किसी आपसी रंजिश से जुड़ी है या इसके पीछे कोई दूसरा कारण है.
छात्रों के बीच विवाद की बात सामने नहीं आई
पीरबहोर थाने के एसएचओ राजकुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि करीब 12:08 से 12:10 बजे के बीच पटना विश्वविद्यालय के भूगोल और मनोविज्ञान विभाग के बीच कैंपस में किसी शरारती तत्व ने डबल डेकर पुल के ऊपर से सुतली वाला बम फेंका. विस्फोट के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई. उन्होंने बताया कि FSL टीम को बुलाया गया है और CCTV फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है. फिलहाल छात्रों के बीच किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है और मामले की जांच जारी है.
पटना यूनिवर्सिटी में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
पटना विश्वविद्यालय परिसर में बम धमाके की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. विश्वविद्यालय चुनाव और अन्य मौकों पर भी परिसर में इस तरह के विस्फोट की घटनाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं. ऐसे में ताजा घटना ने एक बार फिर विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए